लखनऊ। अब गर्मी की छुट्टियों में भी छात्र स्कूल जाएंगे, ये फैसला परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों को लेकर लिया गया है। दरअसल, गर्मी की छुट्टियों में 20 मई से 15 जून के बीच विद्यालयों में समर कैंप लगाए जाएंगे। गर्मी को देखते हुए यह प्रात:कालीन पाली में प्रतिदिन डेढ़ घंटे चलेगा। बताया जा रहा है कि सभी ब्लाक के चुनिंदा परिषदीय विद्यालयों में ही इन्हें लगाया जाएगा और सभी जिलों में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) विद्यालयों में यह कैंप लगाने में सहयोग करेंगे।
निखरेगी बच्चों की प्रतिभा
बच्चों की प्रतिभा को कैसे निखारा जाए? इस बात पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सरकारी स्कूल के विद्यार्थीयों की भी पढ़ाई के साथ-साथ खेल व अन्य गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभा को निखारा जाएगा। विद्यार्थियों को जीवन कौशल, व्यक्तित्व विकास, योग, खेलकूद, विज्ञान-तकनीक आधारित प्रयोग, कला-सांस्कृतिक कार्यक्रम और पर्यावरण जागरूकता जैसे विषय शामिल किया जाएगा।

200 करोड़ से लगेगा कैंप
ख़बर के अनुसार विद्यालयों में समर कैंप लगाने के लिए करीब 200 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। वहीं जिन स्कूलों में समर कैंप लगेगा वहां विद्यार्थियों को मिड डे मील में पोषक खाद्य सामग्री दी जाएगी। गुड की चिक्की, बाजरे का लड्डू और गुड-चना आदि दिया जाएगा।