Delhi । हौज काज़ी इलाके से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। पुलिस ने 39 वर्षीय एक व्यक्ति को अपनी 65 वर्षीय मां से बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता अपने पति, आरोपी बेटे और छोटी बेटी के साथ हौज काज़ी में रहती है। परिवार 17 जुलाई को हज के लिए सऊदी अरब गया था। यात्रा के दौरान आरोपी ने अपने पिता को फोन कर जल्द लौटने और मां को तलाक देने के लिए कहा। परिवार 1 अगस्त को दिल्ली लौटा तो आरोपी ने अपनी मां को एक कमरे में बंद कर जबरन बुर्का उतारने के लिए मजबूर किया, पीटा और पुराने अवैध संबंधों का आरोप लगाते हुए कहा कि उनका बचपन बर्बाद हुआ।
इसके बाद पीड़िता घर छोड़कर बड़ी बेटी के पास चली गई। 11 अगस्त को जब वह वापस लौटी तो आरोपी ने बातचीत के बहाने उन्हें कमरे में बंद कर रेप किया। आरोपी ने कहा कि वह उन्हें “पिछले रिश्ते की सजा” दे रहा है। 14 अगस्त की रात लगभग साढ़े तीन बजे आरोपी ने पीड़िता के साथ दूसरी बार रेप किया।
मानसिक आघात झेल रहीं पीड़िता ने घटना के कुछ दिन बाद अपनी छोटी बेटी को आपबीती सुनाई। बेटी उन्हें लेकर हौज काज़ी थाने पहुंची, जहां आरोपी बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और मेडिकल व फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह वारदात न केवल पारिवारिक विश्वास और मानवीय मूल्यों को झकझोरने वाली है, बल्कि महिलाओं की घरेलू सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
