पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत आई सीमा हैदर ने मंगलवार सुबह ग्रेटर नोएडा के कृष्णा अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सीमा ने सुबह 4 बजे बेटी को जन्म दिया। मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। खबार के अनुसार सीमा हैदर 2023 में अपने प्रेमी सचिन मीणा के पास पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत आई थीं। तभी से दोनों सुर्खियों में हैं। बताया जा रहा है कि सीमा को सोमवार को प्रसव पीड़ा हुई जिसके बाद सचिन और उनका परिवार उन्हें ग्रेटर नोएडा के कृष्णा अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों की देखरेख में सीमा ने मंगलवार तड़के 4 बजे स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
गौरतलब है कि सीमा हैदर पाकिस्तान के सिंध प्रांत की रहने वाली हैं। वर्ष 2023 में वे अवैध रूप से नेपाल के रास्ते भारत आईं और अपने प्रेमी सचिन मीणा के साथ ग्रेटर नोएडा में बस गईं। लेकिन उन्हें भारतीय नागरिकता नहीं मिली। उनके भारत आने के बाद से ही उनके मामले ने राजनीतिक और कानूनी बहस को जन्म दिया। सीमा पर अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का आरोप भी लगा था, लेकिन बाद में उन्हें जमानत मिल गई। सीमा के पहले से चार बच्चे हैं, जो उनके साथ भारत में रह रहे हैं। अब नवजात बच्ची उनके परिवार में पांचवीं संतान है।

वहीं खबर के अनुसार सीमा हैदर के अधिवक्ता और मोह बोले भाई पहले ही कह चुके हैं कि सीमा हैदर के बच्चे को भारतीय नागरिकता दिलाएंगे। पुत्री के जन्म से पहले सीमा हैदर की गोदभराई की रस्म भी पूरी हुई थी। जिसमें पूरा परिवार सम्मिलित हुआ था। सचिन और सीमा ने अभी तक अपनी नवजात बेटी के नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार वह जल्द ही एक पारिवारिक समारोह में बच्ची का नामकरण करेंगे।