YouTuber Ranveer Allahbadia Controversy: समय रैना के यूट्यूब शो इंडियाज गॉट लेटेंट में अभिभावकों पर भद्दे कमेंट करने का मामला संसद तक पहुंच गया। मंगलवार को शिवसेना (उद्धव गुट) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने संसद की IT समिति से शिकायत करके एक्शन लेने और गाइडलाइन जारी करने की मांग की है। उधर, जानकारी के अनुसार मुंबई पुलिस ने मामले में शो के होस्ट समय रैना, रणवीर अलाहबादिया और अपूर्वा मखीजा समेत शो के आयोजकों पर केस दर्ज किया था जिसको लेकर मुंबई के वर्सोवा में मंगलवार को यूट्यूबर रणवीर अलाहबादिया के घर पर 5 पुलिस अफसरों की टीम पहुंची। पुलिस ने समय और रणवीर से जांच अधिकारियों के सामने पेश होने कहा है, जहाँ ये अपना पक्ष रखेंगें। वहीँ नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन (NHRC) की मांग पर यूट्यूब ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के विवादित एपिसोड को हटा लिया है।
8 फरवरी को रिलीज हुआ था विवादित एपिसोड
बता दें कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना का शो है और इस पर विवाद हो रहा है। इस चनैल पर विवादित एपिसोड 8 फरवरी को यूट्यूब पर रिलीज किया गया था। इस शो में पहले से ही बोल्ड कॉमेडी कंटेंट उपलब्ध होता है। यूट्यूब पर इस चैनल के दुनियाभर में 73 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। इस चैनल के एक विडियो में पेरेंट्स और महिलाओं को लेकर ऐसी बातें कही गईं, जिनका जिक्र हम यहां नहीं कर सकते।
अलाहबादिया के माफी मांगने के अंदाज पर सवाल
अलाहबादिया ने कहा कि ‘मेरा कमेंट अनुचित था। फनी भी नहीं था। कॉमेडी मेरा जॉनर नहीं है। मैं बस सॉरी कहना चाहता हूं। कई ने पूछा क्या इस तरह से मैं अपने प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करूंगा, जवाब में कहूंगा कि अपने प्लेटफॉर्म का ऐसा यूज बिल्कुल भी नहीं करना चाहता। जो भी हुआ उसके लिए मैं कोई जस्टिफिकेशन नहीं देना चाहूंगा। मैं बस माफी मांगना चाहता हूं। जजमेंट में मुझसे गलती हुई। जो मैंने बोला वो कूल नहीं था। मैंने मेकर्स से कहा है कि वीडियो का असंवेदनशील हिस्सा हटा दिए जाए। इंसानियत के नाते शायद आप मुझे माफ करें।’
केस दर्ज कराने वाले वकील आशीष ने मीडिया से कहा है कि शो के वीडियो में महिलाओं को लेकर गलत बातें की गई हैं। इन भद्दे कमेंट के बाद वहां मौजूद लोग भी हंसते दिखे, जिससे यह साफ होता है कि उनकी मंशा महिलाओं के प्रति सम्मानजनक नहीं थी। उन्इहोंने कहा कि वीडियो का मकसद सिर्फ पॉपुलैरिटी पाना था। महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां कर, ये लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए पैसे कमाना चाहते हैं। यह सीधा-सीधा अपराध है। समाज या किसी भी वर्ग के खिलाफ गलत बयानबाजी करना भी कानूनी तौर पर गलत है। खासकर जब यह कंटेंट छोटे बच्चों तक भी पहुंच सकता है। हमारा काम शिकायत दर्ज कराना था, अब एक्शन लेना पुलिस और प्रशासन का काम है, देखते हैं वे अपनी जिम्मेदारी कितनी निभाते हैं।

स्टैंड अप कॉमेडियन समय रैना का कॉमेडी शो ‘इंडिया गॉट लेटेंट’ कानूनी पचड़े में फंसते दिख रहा है। शो की एक कंटेस्टेंट के आपत्तिजनक कमेंट को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। ‘इंडिया गॉट लटेंट’ पॉपुलर शो है, जो कि यूट्यूब पर स्ट्रीम होता है। लेकिन इसका आधार अश्लीलता है तो जरुर संसद को इसपर विचार करना होगा।
