रायबरेली (Raebareli) जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे (Ganga Expressway) पर रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रही 9 लड़कियों को कुचल दिया। इस हादसे में 4 लड़कियों की मौत हो गई, जबकि 5 की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायल लड़कियों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया गया कि सभी लड़कियां भंडारे से प्रसाद लेकर अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उन्हें चपेट में ले लिया। कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि लड़कियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दो लड़कियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में हो गई।
भंडारे से लौटते समय हुआ हादसा:
यह मामला जगतपुर थाना क्षेत्र के चूली गांव का है। लालगंज की ओर से आ रही कार उस समय एक्सप्रेस-वे पर दौड़ रही थी, जब चूली गांव में बने नए मंदिर में भंडारा आयोजित था। चूली, कोडर और हनुमानगंज गांव के लोग भंडारे में प्रसाद लेने पहुंचे थे। शाम करीब सात बजे 10 से 12 लड़कियां पैदल अपने गांव की ओर लौट रही थीं, तभी यह हादसा हुआ।
चार लड़कियों की मौत से गांव में मातम:
हादसे में जान गंवाने वाली लड़कियों की पहचान शालिनी (22) पुत्री जंग बहादुर, हिमांशी (23) पुत्री दल बहादुर, रश्मि (14) पुत्री रामरतन और आसमा (18) के रूप में हुई है। सभी मृतक लड़कियां ग्राम पंचायत कोडर की रहने वाली थीं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। रश्मि की मां का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में हर आंख नम दिखाई दी।
घायल लड़कियों की हालत गंभीर:
हादसे में गंभीर रूप से घायल 5 लड़कियों को पहले जगतपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है, जबकि कार चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बयां किया मंजर:
प्रत्यक्षदर्शी मनोज कुमार ने बताया कि वह भी मंदिर में भंडारा खाने गया था। घर लौटने के बाद उसे सूचना मिली कि एक कार ने लड़कियों को रौंद दिया है। जब वह मौके पर पहुंचा तो कई लड़कियां सड़क पर इधर-उधर पड़ी तड़प रही थीं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ लड़कियां एक्सप्रेस-वे से नीचे गड्ढे में जा गिरीं। एक अन्य ग्रामीण ने बताया कि मंदिर गांव से करीब 500 मीटर दूर था और लड़कियां पैदल लौट रही थीं, तभी सामने से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया।
विधायक ने लिया घायलों का हाल:
घटना की सूचना मिलते ही विधायक मनोज पांडेय जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। घायल मीना ने बताया कि वे 10 से 12 लड़कियों के साथ भंडारे से लौट रही थीं, तभी अचानक तेज रफ्तार कार आई और सभी को रौंदते हुए निकल गई। इस हादसे में उनके साथ चल रही चार लड़कियों की मौत हो गई।
एक्सप्रेस-वे अभी शुरू नहीं, फिर भी दौड़ रहीं गाड़ियां:
एसपी रवि कुमार (SP Ravi Kumar) ने बताया कि निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे अभी आम जनता के लिए पूरी तरह खोला नहीं गया है। इसके बावजूद वहां वाहन दौड़ रहे हैं। एक अनियंत्रित कार ने भंडारे से लौट रही युवतियों को कुचल दिया, जिससे चार की मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
गंगा एक्सप्रेस-वे की पूरी जानकारी:
594 किलोमीटर लंबा 6 लेन का गंगा एक्सप्रेस-वे मेरठ (Meerut) से प्रयागराज (Prayagraj) तक बनाया जा रहा है। यह एक्सप्रेस-वे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज सहित 12 जिलों से होकर गुजरेगा। इससे 500 से अधिक गांवों को जोड़ा जाएगा। इसके शुरू होने से प्रयागराज से मेरठ की दूरी और यात्रा समय दोनों कम हो जाएंगे।
एक्सप्रेस-वे पर नियमों की अनदेखी:
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) के मुताबिक यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे है, जिसे तेज रफ्तार यातायात के लिए तैयार किया गया है। यहां पैदल चलना और दोपहिया वाहन पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। केवल चार पहिया या उससे बड़े वाहन ही चल सकते हैं। कारों के लिए अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। हालांकि अभी एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन नहीं हुआ है, इसके बावजूद नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है।
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।
#Raebareli #GangaExpressway #RoadAccident #UttarPradesh #BreakingNews

