योगी सरकार का बुल्डोजर ऐक्शन, करोड़ों की सरकारी भूमि हुई कब्जामुक्त

रिपोर्ट: सऊद अंसारी

Lucknow: यूपी में योगी सरकार अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को नगर निगम की टीम ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए करोड़ों की सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया। इस दौरान बुल्डोजर की मदद से सभी अस्थायी निर्माण ध्वस्त किए गए। कार्रवाई नगर आयुक्त गौरव कुमार और अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह के नेतृत्व में की गई।


सरोजनीनगर तहसील में बड़ी कार्रवाई

नगर निगम लखनऊ ने ग्राम गहरू, तहसील सरोजनीनगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यहां लंबे समय से सरकारी भूमि पर अस्थायी निर्माण कर कब्जा जमाया गया था। टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से इन निर्माणों को गिराकर भूमि को कब्जामुक्त कराया।


करोड़ों की जमीन हुई मुक्त

अभियान के दौरान खसरा संख्या 608, 566, 569, 573, 574 और 572 पर स्थित ऊसर और नवीन परती भूमि को मुक्त कराया गया। नगर निगम के अनुसार कुल 0.506 हेक्टेयर भूमि कब्जामुक्त हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 8 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह जमीन अब सरकार के नियंत्रण में वापस आ चुकी है।


बुल्डोजर की निगरानी में रही टीम

बुल्डोजर ऐक्शन की जिम्मेदारी प्रभारी अधिकारी संपत्ति रामेश्वर प्रसाद के हाथों में थी। नगर निगम के लेखपाल और तहसील प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।


शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ अभियान

अतिक्रमण हटाओ अभियान में पुलिस बल की मौजूदगी से कार्यवाही बिना किसी विरोध के संपन्न हो सकी। पूरे समय अधिकारी और संयुक्त टीम सतर्क रही, जिससे कार्रवाई में किसी तरह की बाधा नहीं आई।


अवैध कब्जों के खिलाफ जारी है अभियान

योगी सरकार के निर्देश पर प्रदेश भर में अवैध कब्जों और निर्माणों पर लगातार बुल्डोजर चलाया जा रहा है। लखनऊ नगर निगम का यह अभियान इसी श्रृंखला का हिस्सा है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading