उपद्रवियों पर योगी की कड़ी चेतावनी: “कार्रवाई का यही समय है”

Lucknow: आई लव मोहम्मद विवाद को लेकर उत्तर प्रदेश में जगह-जगह भड़के उपद्रव पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। कानपुर, उन्नाव, मुरादाबाद, बरेली, मऊ समेत कई जिलों में मुस्लिम समुदाय के आक्रोशित प्रदर्शन और भड़काऊ नारेबाजी की घटनाओं पर उन्होंने कड़ा असंतोष जताया। योगी ने साफ कहा कि उपद्रव फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस निर्णायक कदम उठाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि एक भी उपद्रवी बचना नहीं चाहिए। योगी ने इसे दशहरे से जोड़ा और कहा कि यह बुराई व आतंक के दहन का पर्व है, ऐसे में कार्रवाई के लिए यही सही समय है। शासन के आदेशों को फील्ड पर पूरी तरह लागू करने के निर्देश दिए गए।

सुनियोजित साजिश पर योगी का सख्त रुख

शुक्रवार रात आयोजित कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में योगी आदित्यनाथ ने उग्र प्रदर्शनों और नारेबाजी को प्रदेश का माहौल खराब करने की सुनियोजित साजिश बताया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। आयोजकों और मास्टरमाइंड की पहचान कर उनकी संपत्ति की जांच की जाए। योगी ने चेतावनी दी कि जुलूस और प्रदर्शनों के नाम पर अराजकता फैलाने वालों को सरकार कुचल देगी। उन्होंने दोहराया कि इन जुलूसों में शामिल एक भी उपद्रवी बचना नहीं चाहिए और जातीय संघर्ष भड़काने की किसी भी कोशिश को सख्ती से रोका जाए।

मेरठ और संभल की घटनाओं पर नाराजगी

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मेरठ और संभल में हुए एसिड अटैक, छेड़खानी और चेन लूट की घटनाओं पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं में थाने से लेकर पीआरवी तक की स्पष्ट जवाबदेही तय होनी चाहिए। योगी ने पुलिस को निर्देश दिए कि अपराध रोकने और आरोपितों को पकड़ने में किसी भी स्तर पर ढिलाई न हो।

गरबा-डांडिया में सख्त निगरानी

योगी ने अधिकारियों को गरबा-डांडिया जैसे आयोजनों में संदिग्ध बहरूपियों की घुसपैठ रोकने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मिशन शक्ति 5.0 पर संतोष

मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्र से प्रारंभ हुए मिशन शक्ति 5.0 की प्रगति पर संतोष जताया। उन्होंने महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और आरोपितों को सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की जरूरत पर बल दिया। योगी ने कहा कि दशहरे के बाद सभी एडीजी जोन को छेड़खानी, चेन स्नैचिंग और एसिड अटैक जैसी घटनाओं की थानावार समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

Related Post

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading