यूपी में कौन CM का चेहरा? केशव बोले- कमल का फूल, योगी ने कहा- कौन क्या है, सबको पता है
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे पर सियासी चर्चा तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जौनपुर में बयान देते हुए कहा कि अभी योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं, लेकिन आगे मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला चुनाव के बाद निर्वाचित विधायक करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि कौन चेहरा है और कौन नहीं, यह सभी जानते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही सर्वोपरि है और पार्टी जिस जिम्मेदारी को सौंपेगी, उसे निभाएंगे। दोनों नेताओं के बयानों के बीच प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
केशव मौर्य ने मुख्यमंत्री चयन पर कही यह बात:
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को जौनपुर में कहा कि वर्तमान में योगी आदित्यनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। हालांकि, आगामी विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका निर्णय निर्वाचित विधायक करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का चुनावी चेहरा कमल का फूल है। चुनाव परिणाम आने के बाद केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से नेता का चयन किया जाएगा।
योगी आदित्यनाथ के समर्थन को लेकर पूछे गए सवाल पर केशव मौर्य ने कहा कि वह उनका समर्थन करते हैं। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री पद और भाजपा के नेतृत्व को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
मुख्यमंत्री चेहरे पर योगी आदित्यनाथ ने दिया जवाब:
उधर, लखनऊ में एबीपी न्यूज के एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूछा गया कि क्या वह 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुख्यमंत्री चेहरा होंगे। इस पर उन्होंने कहा कि कौन चेहरा है और कौन नहीं, यह सबको पता है। हर व्यक्ति इस बात को जानता है।
योगी ने कहा कि सभी को कमल के निशान पर चुनाव लड़ना है और वह भी कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ेंगे। उनके लिए कमल ही सबकुछ है। उन्होंने खुद को पार्टी का सामान्य कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि संगठन उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगा, उसका निर्वहन करेंगे।
अखिलेश के अयोध्या दौरे पर योगी का तंज:
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर भी अपने अंदाज में निशाना साधा। उन्होंने ट्रकों के पीछे लिखे जाने वाले वाक्य ‘सटला त गइला’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसका मतलब है कि जो नजदीक आया, वह गया।
योगी ने कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है और ऐसा करने वाला सुरक्षित नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अब भाजपा की लाइन पर आने की कोशिश कर रहे हैं, यह अच्छी बात है, लेकिन भाजपा की विचारधारा का तापमान बहुत अधिक है। उसके नजदीक आने पर ही इसकी जानकारी होगी।
मुख्यमंत्री ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी से अपने पुराने कृत्यों के लिए रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगने की बात कही।
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी साधा निशाना:
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पहले दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही गठबंधन की स्थिति कमजोर दिखाई देने लगी है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बैठकें हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इसे दोनों दलों के बीच आपसी सम्मान की कमी बताते हुए कहा कि एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति चल रही है। उन्होंने कांग्रेस की स्थिति के लिए उसकी नकारात्मक सोच को जिम्मेदार बताया।
योगी ने समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद की राजनीति करने और रामभक्तों की भावनाओं का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ‘राधे-राधे’ तो शुरुआत है और सपा के लिए ‘राम नाम सत्य’ का समय करीब आ रहा है।
एनडीए की एकजुटता और कानून व्यवस्था पर बयान:
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच मतभेद की अटकलों को मुख्यमंत्री ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी सहित सभी सहयोगी दल एकजुट हैं और मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
बुलडोजर कार्रवाई और मुठभेड़ को लेकर विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और व्यापारियों का सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
विधायकों के टिकट कटने की संभावनाओं पर उन्होंने कहा कि भाजपा में चुनाव समिति की संस्तुति के बाद संसदीय बोर्ड अंतिम निर्णय लेता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पार्टी का सर्वमान्य नेता और आदर्श बताते हुए कहा कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही सर्वोपरि है।
अखिलेश की टिप्पणी और राहुल गांधी पर पलटवार:
कार्यक्रम के त्वरित सवाल-जवाब दौर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भारत को विश्व की आध्यात्मिक शक्ति का केंद्र, उत्तर प्रदेश को असीमित संभावनाओं वाला प्रदेश, श्रीराम को विग्रहवान धर्म और भाजपा को राष्ट्र प्रथम की विचारधारा से जुड़ा बताया।
राहुल गांधी की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि वह ऐसे रॉकेट की तरह हैं, जिसे प्रक्षेपित तो किया जाता है, लेकिन वह सफल नहीं हो पाता। अपनी माताजी के निधन के दिन ही अंतिम संस्कार करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि यही संन्यासी धर्म है।
अखिलेश यादव की घुसपैठिया टिप्पणी पर पलटवार करते हुए योगी ने कहा कि वह अविभाजित उत्तर प्रदेश के नागरिक हैं और वर्ष 1992 से गोरखपुर में नाथ संप्रदाय की परंपरा के तहत सेवा कर रहे हैं। उत्तराखंड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देवभूमि से गंगा, यमुना और सरयू का जल आता है। वहां के जवान देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, इसलिए उत्तराखंड के प्रति कृतज्ञता का भाव होना चाहिए।
उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ने का दावा:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से निकलकर विकास के इंजन के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के मुकाबले राज्य की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट तीन गुना से अधिक बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में अवैध तमंचे और बम बनाने वाली फैक्ट्रियां थीं, जबकि अब रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उनके मुताबिक, प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और निवेश आकर्षित करने के लिए 36 क्षेत्र आधारित नीतियां बनाई गई हैं।
योगी ने दावा किया कि देश के मोबाइल फोन उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट उत्पादन में 60 प्रतिशत है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग तथा एक जिला एक उत्पाद योजना के माध्यम से 3.25 करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बिल्डरों और घर खरीदारों के बीच बातचीत के जरिए चार लाख आवास खरीदारों के विवाद सुलझाए गए हैं।
10.5 लाख नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य:
युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक करीब 9.75 लाख नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य 26 जनवरी तक इस संख्या को बढ़ाकर 10.5 लाख तक पहुंचाने का है।
महिलाओं, व्यापारियों और निवेशकों की सुरक्षा पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि बेटियों, व्यापारियों और सड़क पर चलने वाली महिलाओं पर बुरी नजर रखने वालों के लिए जेल या जहन्नुम ही जगह है। राजनीतिक नेतृत्व को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आदर्श बताया और कहा कि वह पार्टी के साधारण कार्यकर्ता हैं। संगठन उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगा, उसे निभाएंगे।
#Tags: #KeshavMaurya #YogiAdityanath #UPPolitics #BJP #UPElection2027 #AkhileshYadav
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।