रिपोर्ट: जफर इकबाल
Ghazipur: जिले के जमानियां क्षेत्र के रेवतीपुर गांव निवासी एक अंडा व्यवसायी ने शनिवार को हमीद सेतु से गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची सुहवल और कोतवाली पुलिस को पुल पर से सफेद कुर्ता, गमछा, डायरी, आधार कार्ड और कुछ नकदी बरामद हुई। फिलहाल गोताखोरों की मदद से पुलिस व्यवसायी की तलाश में जुटी है।
सुबह गाजीपुर जाने की बात कहकर निकले थे
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 55 वर्षीय मदन प्रसाद गुप्ता पुत्र स्व. छठू गुप्ता के रूप में हुई है। वह पांच भाइयों में सबसे छोटे थे और गांव में अंडे की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार सुबह उन्होंने घरवालों से गाजीपुर जाने की बात कही थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनके गंगा नदी में कूदने की खबर गांव तक पहुंची।
परिवार में मचा कोहराम
व्यवसायी के दो बेटे हैं – बड़े बेटे सोनू और छोटे बेटे सूरज। दोनों पिता के काम में सहयोग करते थे। सोनू ने बताया कि उन्हें अंदाजा भी नहीं है कि पिता ने ऐसा कदम क्यों उठाया। घटना के बाद पत्नी मंजू देवी समेत परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन गम और सदमे में डूबे हुए हैं।
पुलिस ने तेज की तलाश
प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि हमीद सेतु के बीच से गंगा नदी में व्यवसायी के कूदने की सूचना मिली है। घटनास्थल से मिले सामान को सुरक्षित रख लिया गया है और गोताखोरों की टीम को बुलाकर खोज अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
जमानियां के व्यवसायी ने गंगा में लगाई छलांग, कपड़ा और आधार कार्ड मिले