कोरिपोर्ट: हसीन अंसारी
Ghazipur: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और सांसद अफजाल अंसारी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के हालिया टैरिफ, देश की विदेश नीति, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई घटना और बिहार व उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। गाजीपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया और कई अहम मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी।
ट्रम्प के टैरिफ पर बोलते हुए अंसारी ने कहा कि इस फैसले से भारतीय टेक्सटाइल उद्योग पर गहरा असर पड़ने वाला है। उन्होंने दावा किया कि टेक्सटाइल मिलें बंद होने की कगार पर पहुंच गई हैं, जिससे करीब 30 लाख लोगों की नौकरियां दांव पर लग जाएंगी। उन्होंने मीडिया के उस रुख की भी आलोचना की जिसमें कहा जा रहा है कि टैरिफ का असर नहीं पड़ेगा। अंसारी ने तीखे अंदाज़ में कहा, “जब आदमी समय से पहले उछलता है तो दांव उल्टा पड़ जाता है।”
अंसारी ने कहा कि ट्रम्प की जीत को देश में उत्सव की तरह मनाने वाले आज उसके कदमों से परेशान हैं। विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया का कोई भी देश खुलकर भारत के पक्ष में नहीं बोल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अडानी को बचाने के लिए सरकार चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने ट्रम्प के बयानों पर भी सवाल उठाया, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत को पाकिस्तान से तेल खरीदने की बात कही थी। अंसारी बोले, “हमारी विदेश नीति विफल हो रही है। हमें अपनी नीति तय कर ट्रम्प को करारा जवाब देना चाहिए।”
विदेश नीति विफल, टेक्सटाइल पर संकट – अफजाल अंसारी का बड़ा बयान

