गाजीपुर में करंट लगने से किसान की मौत:सब्जियों की सिंचाई के लिए खेत गया था, दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
गाजीपुर के जमानियां कोतवाली क्षेत्र के महेवा गांव में रविवार को बिजली का करंट लगने से 35 वर्षीय किसान राहुल कुशवाहा की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह खेत में लगी सब्जियों की सिंचाई के लिए मोटर चालू करने जा रहे थे। बिजली का प्लग बोर्ड में लगाते ही वह करंट की चपेट में आ गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं गांव में शोक का माहौल है।
मोटर चालू करते समय करंट की चपेट में आए किसान:
मृतक के पिता दीनबंधु कुशवाहा समाज कल्याण विभाग में सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) के पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि राहुल रविवार सुबह रोज की तरह अपनी भैंस को नहलाने के बाद खेत में सब्जियों की सिंचाई करने के लिए गया था। खेत में पानी लगाने के लिए वह मोटर चालू कर रहा था। इसी दौरान जैसे ही उसने बिजली का प्लग बोर्ड में लगाया, वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया:
राहुल के करंट की चपेट में आने के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजन उसे निजी वाहन से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन राहुल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अचानक हुए इस हादसे से परिजन सदमे में हैं।
खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे राहुल:
राहुल कुशवाहा घर पर रहकर खेती-बाड़ी करते थे। खेत में सब्जियां उगाकर वह अपने परिवार की जिम्मेदारी निभा रहे थे। वर्ष 2019 में उनका विवाह जमानियां स्टेशन के पास स्थित इलाइचीपुर डिगरी गांव की ममता से हुआ था। उनके परिवार में पत्नी ममता और दो बेटियां दिव्यांशी तथा रियांशी हैं।
राहुल दो भाइयों में बड़े थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति को खोने के बाद पत्नी ममता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मां बासमती भी बेटे की मौत से गहरे सदमे में हैं। पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का भी बुरा हाल है।
दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया:
राहुल की मौत से उनकी दोनों बेटियों दिव्यांशी और रियांशी के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार के लिए यह हादसा बेहद दुखद है। जिस परिवार की जिम्मेदारी राहुल संभाल रहे थे, वहां अब उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। घटना के बाद महेवा गांव में भी शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा:
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जमानियां कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
#Tags: #Ghazipur #Zamania #FarmerDeath #ElectricShock
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।
रिपोर्ट : सऊद अंसारी
ब्यूरो: हसीन अंसारी