गाजियाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तीन सगी बहनों ने एक साथ 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जानकारी में मामला कोरियन गेम से जुड़ा बताया गया था, लेकिन करीब 10 घंटे की छानबीन के बाद जो तथ्य सामने आए, वे कहीं ज्यादा गंभीर और चौंकाने वाले निकले। पुलिस जांच और परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, इस दुखद घटना की वजह घरेलू परिस्थितियां, मोबाइल छीने जाने की नाराजगी और बच्चियों की मानसिक स्थिति से जुड़ी बताई जा रही है।

मृतक बहनों में 16 साल की निशिका, 14 साल की प्राची और 12 साल की पाखी शामिल हैं। तीनों की मौत से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। इस घटना ने बच्चों पर मोबाइल, इंटरनेट और डिजिटल कंटेंट के बढ़ते प्रभाव को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पिता की डांट और मोबाइल छीने जाने के बाद उठाया कदम:
पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चियों के पिता चेतन ने किसी बात को लेकर तीनों बेटियों को डांटा था। इसके साथ ही उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए गए थे। इसी बात से आहत होकर तीनों बहनों ने 3 फरवरी की रात करीब 2 बजे घर की बालकनी से छलांग लगा दी। बताया गया कि हादसे से पहले घर में किसी को भी उनके इरादे की भनक नहीं लगी।
कमरे से मिली डायरी ने खोले कई राज:
घटना के बाद जब पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, तो एक डायरी बरामद हुई। इस डायरी और परिवार के बयान से बच्चियों की मानसिक स्थिति और उनकी दुनिया के बारे में कई बातें सामने आईं। जानकारी के मुताबिक, तीनों बहनें खुद को भारतीय नहीं बल्कि कोरियन मानने लगी थीं। उन्होंने अपने नाम तक बदल लिए थे और उन्हें कोरियन लड़के पसंद आने लगे थे।
कोविड काल में बदली बच्चियों की दुनिया:
पुलिस और परिवार की जानकारी के अनुसार, कोविड काल (2020) में स्कूल बंद होने के बाद बच्चियों का ज्यादातर समय घर पर बीतने लगा। इसी दौरान उन्होंने मोबाइल पर कोरियन फिल्में और वेब सीरीज देखनी शुरू कीं। सबसे पहले बड़ी बहन निशिका को कोरियन कल्चर पसंद आने लगा, जिसके बाद प्राची और पाखी भी धीरे-धीरे उसी रास्ते पर चल पड़ीं। छह साल के भीतर तीनों बहनें पूरी तरह कोरियन कल्चर में ढल गई थीं।
कोरियन भाषा और पहनावे का बढ़ता असर:
परिजनों ने पुलिस को बताया कि तीनों बहनें घंटों कोरियन म्यूजिक सुनती थीं और वीडियो देखती रहती थीं। धीरे-धीरे उन्होंने कोरियन लोगों जैसा पहनावा, खानपान और बोलचाल का तरीका अपनाना शुरू कर दिया। इंटरनेट और वीडियो की मदद से उन्होंने कोरियन भाषा भी सीख ली थी। हालात ऐसे हो गए थे कि घर में आपस में भी वे कोरियन भाषा में बातचीत करती थीं और खुद को कोरियन बताने लगी थीं।
यूट्यूब चैनल बनाकर करती थीं कंटेंट:
निशिका वर्ष 2022 में सोशल मीडिया पर कोरियन रील्स देखने लगी थी। इसके बाद तीनों बहनों ने मिलकर एक यूट्यूब चैनल बनाया, जिस पर कोरियन कल्चर से जुड़ा कंटेंट अपलोड किया जाता था। परिवार का कहना है कि यही वजह रही कि पिता ने उनके मोबाइल फोन छीन लिए थे। बताया गया कि तीनों बहनों ने करीब एक महीने पहले खुद ही उस यूट्यूब चैनल को डिलीट कर दिया था।
पढ़ाई से दूरी और स्कूल छूटना:
निशिका कक्षा चार, प्राची कक्षा तीन और पाखी दूसरी कक्षा तक पढ़ी थीं। पढ़ाई में रुचि कम होने के कारण तीनों बहनें फेल होने लगीं और धीरे-धीरे स्कूल जाना बंद कर दिया। आर्थिक तंगी के चलते पिता चेतन ने भी पढ़ाई को लेकर ज्यादा सख्ती नहीं दिखाई। परिवार का कहना है कि आर्थिक स्थिति सुधरने पर दोबारा स्कूल में दाखिला कराने की योजना थी।
छोटी बहन से बना ली दूरी:
जानकारी के अनुसार, तीनों बहनों ने अपनी चार साल की छोटी बहन को भी कोरियन वीडियो दिखाने और भाषा सिखाने की कोशिश शुरू कर दी थी। जब पिता को इस बात का पता चला, तो उन्होंने तीनों को डांटकर छोटी बेटी को इन गतिविधियों से दूर रखने के निर्देश दिए। इसके बाद तीनों बहनों ने छोटी बहन से बातचीत बंद कर दी और उससे दूरी बना ली।
रात में उठाया खौफनाक कदम:
3 फरवरी की रात तीनों बच्चियां चेतन की पहली पत्नी के साथ कमरे में सो रही थीं। रात करीब डेढ़ बजे उन्होंने मां के गालों को चूमा और ‘आई लव यू’ कहा। इसके बाद वे पूजा वाले कमरे में गईं। वहां बालकनी के पास दो स्टेप वाला स्टूल रखा और एक-एक कर नीचे छलांग लगा दी। इससे पहले उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से लॉक कर दिया था, जिसे घटना के बाद तोड़ा गया।
पारिवारिक विवाद और तनाव:
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चेतन अपने कारोबार में करीब दो करोड़ रुपये का घाटा झेल चुका था, जिससे घर में तनाव बना रहता था। पारिवारिक विवाद और आर्थिक तंगी का असर भी परिवार के माहौल पर पड़ा। जांच में कई पारिवारिक पहलुओं को भी जोड़ा जा रहा है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।
#ghaziabad #suicide #family #investigation #children

