Ghaziabad के मोदीनगर क्षेत्र के गदाना गांव में सोमवार देर रात पुलिस की दबिश ने विवाद खड़ा कर दिया। आरोप है कि तीन दरोगा शराब के नशे में धुत होकर आधी रात एक घर में घुसे और वहां मौजूद महिलाओं के साथ बदसलूकी व हाथापाई की। इस दौरान शोर सुनकर आए एक पड़ोसी को भी पुलिसकर्मी जबरन धक्के मारते हुए थाने ले गए। घटना का वीडियो मंगलवार को सामने आया, जिसमें महिलाएं चिल्लाती दिख रही हैं और पुलिस वालों से खींचतान कर रही हैं।
आधी रात दबिश, महिलाओं का आरोप- “पुलिस वाले नशे में थे”
पीड़ित परिवार की युवती ने वीडियो में कहा कि रात करीब साढ़े 12 बजे तीन पुलिस वाले घर में घुसे। घर में उस समय कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। केवल बाबा और पिता बाहर सो रहे थे और चाचा पड़ोस में गए हुए थे। आरोप है कि पुलिस वालों ने पापा के बारे में पूछा और फिर घर के अंदर घुसकर बदतमीजी शुरू कर दी। महिलाओं के विरोध पर उन्होंने हाथापाई की। इसी दौरान शोर सुनकर आए पड़ोसी को भी धक्का मारकर अपने साथ ले गए।
मामला महिला सभासद के विवाद से जुड़ा
घटना की जड़ें एक पुराने विवाद से जुड़ी बताई जा रही हैं। दरअसल, गांव में एक निर्माणाधीन मकान से गिरी बल्ली क्षेत्र की एक महिला सभासद की बाइक से टकरा गई थी। इससे उनकी मजदूरों से बहस हो गई। गुस्साई सभासद ने मकान मालिकों को धमकाया और थाने में केस दर्ज करा दिया। आरोप है कि इसी केस के बहाने आधी रात पुलिस ने दबिश दी।
पुलिस का पक्ष: “मारपीट मामले में दबिश दी गई”
एसएचओ मोदीनगर नरेश शर्मा ने बताया कि पुलिस एक मारपीट के मुकदमे में दबिश देने गई थी। इस दौरान दो आरोपियों को थाने लाया गया। उनका कहना है कि महिलाएं पुलिस का विरोध कर रही थीं और अभद्रता भी की। मामले की जांच की जा रही है और हंगामा करने वालों पर कार्रवाई होगी।
सवालों के घेरे में पुलिस
घटना को लेकर परिवार ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि पुलिस वाकई दबिश देने गई थी तो आधी रात बिना महिला पुलिसकर्मी के घर में घुसने की क्या जरूरत थी। तीन-तीन दरोगा नशे की हालत में घर में क्यों आए? पीड़ित महिलाओं का कहना है कि यह कार्रवाई सभासद से जुड़े मामले में दबाव बनाने के लिए की गई।
उच्चाधिकारियों ने मांगी रिपोर्ट
एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। किन परिस्थितियों में दबिश दी गई और क्या महिला पुलिसकर्मी मौजूद थीं, इसकी जांच की जाएगी। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि पहले से दर्ज मुकदमे में पुलिस दबिश देने गई थी।
गाजियाबाद की यह घटना पुलिस की कार्यप्रणाली और आचार संहिता पर सवाल खड़े करती है। आधी रात घर में घुसकर महिलाओं के साथ कथित बदसलूकी और नशे में धुत पुलिसवालों का वीडियो वायरल होने के बाद अब पूरा मामला प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि सच्चाई किस पक्ष की है, लेकिन फिलहाल स्थानीय लोगों में पुलिस के रवैये को लेकर भारी नाराजगी है।
गाजियाबाद में आधी रात पुलिस की दबिश पर हंगामा, महिलाओं से बदसलूकी का आरोप

