उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का एक बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। एक सार्वजनिक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि “सच्चाई यह है कि हमारा भारत देश गरीब है, जबकि उत्पादन न करने वाले पश्चिमी देश सम्पन्न हैं और पूरी दुनिया पर शासन कर रहे हैं।” उनके इस बयान ने राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है।
भारत को बताया गरीब देश:
भूपेंद्र चौधरी ने मंच से बोलते हुए कहा कि “पश्चिमी देश, जैसे कि चीन, की अर्थव्यवस्था खेती आधारित नहीं है। छह-छह महीने बर्फ जमने वाले देशों में उत्पादन न के बराबर होता है, फिर भी वे सम्पन्न हैं। वहीं, हमारे भारत की भूमि उपजाऊ है, यहाँ 12 महीने नदियाँ बहती हैं, चारों ऋतुएं हैं, बेहतर जलवायु है और बड़ी आबादी युवाओं की है जो काम करती है, इसके बावजूद हमारा देश गरीब है।”
पश्चिमी देशों की अर्थव्यवस्था पर टिप्पणी:
भूपेंद्र चौधरी ने आगे कहा कि “दुनिया के जिन देशों में उत्पादन नहीं होता, वे आज उत्पादक की भूमिका में हैं। उन्होंने अपने देश को सम्पन्न बनाया और दुनिया पर शासन कायम किया है। जबकि भारत, जहाँ प्राकृतिक संसाधनों की भरमार है, आज भी आर्थिक दृष्टि से पीछे है।”
राजनीतिक दलों पर साधा निशाना:
भूपेंद्र चौधरी ने अपने संबोधन में विपक्षी दलों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस (Congress), समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party), बहुजन समाज पार्टी (BSP) और वामपंथी पार्टियाँ विदेशी विचारधारा से प्रेरित हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) देशी विचारधारा पर आधारित पार्टी है।”
देशी बनाम विदेशी विचारधारा पर बहस:
भूपेंद्र चौधरी के इस बयान ने देशी और विदेशी विचारधाराओं पर एक नई बहस छेड़ दी है। उनका कहना था कि भाजपा भारतीय परंपरा और राष्ट्रवाद की विचारधारा से चलती है, जबकि विपक्ष विदेशी सोच के प्रभाव में काम करता है।
बयान पर उठे सवाल:
प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। विरोधी दलों ने इसे “भारत का अपमान” बताया है, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि भूपेंद्र चौधरी ने केवल आर्थिक वास्तविकता पर प्रकाश डाला है।
#Tag: #BhupendraChaudhary #Ballia #BJP #UPPolitics #Controversy
डिस्क्लेमर: यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है।

