रिपोर्ट: राकेश वर्मा
Azamghar: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी बुधवार को त्रिस्तरीय जिला पंचायत चुनाव की बैठक में आज़मगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में “सेवा पखवाड़ा” मनाएगी। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस से शुरू होकर महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जयंती तक चलेगा।
भूपेंद्र चौधरी ने भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि इस पखवाड़े के तहत स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण जैसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही ‘लोकल फॉर वोकल’ के तहत खादी और देशी उत्पादों को बढ़ावा देने का विशेष अभियान चलेगा। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को लोगों को देशी उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार के नए GST स्लैब को सरल और जनहित में बताया।
बिहार प्रांत में हाल ही में हुए “गाली कांड” पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी ने कहा कि यह विपक्ष की हताशा और कांग्रेस की पुरानी मानसिकता को दर्शाता है, जबकि जनता आज भी मोदी जी के साथ खड़ी है, जिसकी वजह से NDA की सरकार तीसरी बार बनी है।
वहीं, जनपद संभल में आबादी संतुलन पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि 1947 में दोनों समुदायों की आबादी लगभग बराबर थी, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों की गलत नीतियों और दंगों के कारण हिन्दू आबादी में गिरावट आई।
पंचायती चुनाव पर प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि भाजपा केवल जिला पंचायत सदस्य का प्रत्याशी घोषित करती है, जबकि अन्य पदों पर उम्मीदवार बिना सिंबल के चुनाव लड़ते हैं।

