प्रयागराज में अखिलेश यादव का तंज, बोले- पूजा पाल से इतना प्यार है तो डिप्टी सीएम बना दे BJP

समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को प्रयागराज (Prayagraj) पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा (BJP) और केंद्र सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने योगी सरकार के हालिया कैबिनेट विस्तार, पूजा पाल को मंत्री न बनाए जाने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील और सपा सांसद अजेंद्र लोधी के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। प्रयागराज दौरे के दौरान अखिलेश यादव भाजपा नेत्री और पूर्व सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी के आवास पहुंचकर उनके दिवंगत पति पूरनचंद जोशी को श्रद्धांजलि देने भी पहुंचे।

पूजा पाल को लेकर भाजपा पर तंज:
मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि पूजा पाल के लिए मुख्यमंत्री और भाजपा का जो प्रेम है, वह उन्हीं लोगों से पूछा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को उम्मीद थी कि पूजा पाल को मंत्री बनाया जाएगा। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि वह अब भी अपील करते हैं कि उन्हें डिप्टी सीएम बना देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में तीन डिप्टी सीएम हो जाएंगे तो इससे कोई दिक्कत नहीं होगी।

पीएम मोदी की अपील पर उठाए सवाल:
अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल बचाने और एक साल तक सोना न खरीदने की अपील को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आखिर अर्थव्यवस्था किसकी वजह से कमजोर हुई है और रुपया नीचे क्यों जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की अपील देश में आर्थिक संकट का संकेत देती है। अखिलेश ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि असली संकट भाजपा खुद है और जनता इसे समझ चुकी है।

सपा सांसद के बयान पर दी प्रतिक्रिया:
सपा सांसद अजेंद्र लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसी भाषा और व्यवहार का समर्थन नहीं करती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा संसद और अन्य मंचों पर इस्तेमाल की गई भाषा के रिकॉर्ड भी सामने आने चाहिए। उन्होंने कहा कि अजेंद्र लोधी की भाषा उचित नहीं थी, लेकिन उनका दर्द भावनाओं में बाहर आया।

भाजपा नेताओं पर भी लगाए आरोप:
अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल (West Bengal) में हुई एक हत्या के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि जिस आरोपी को पकड़ा गया है, उसकी तस्वीरें भाजपा नेताओं के साथ सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ नेता गंभीर मामलों में भी घिरे रहे हैं। साथ ही झांसी (Jhansi) में कथित घोटाले का जिक्र करते हुए भी भाजपा पर निशाना साधा।

रीता बहुगुणा जोशी के आवास पहुंचे अखिलेश:
इससे पहले अखिलेश यादव लखनऊ (Lucknow) के अमौसी एयरपोर्ट से निजी विमान के जरिए प्रयागराज पहुंचे। वहां से वह सीधे सिविल लाइंस स्थित पूर्व सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी के आवास पहुंचे और उनके पति पूरनचंद जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित की। वह करीब आधे घंटे तक परिवार के साथ मौजूद रहे और शोक संवेदना व्यक्त की।

सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी:
अखिलेश यादव के दौरे को लेकर प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग और रस्सियों के जरिए भीड़ को नियंत्रित किया गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान सपा समर्थकों की भी भारी भीड़ दिखाई दी। बाद में अखिलेश यादव सपा नेता वासुदेव यादव के आवास भी पहुंचे और फिर लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

#AkhileshYadav #SamajwadiParty #Prayagraj #BJP #UPPolitics #RitaBahugunaJoshi

Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading