सैदपुर। औड़िहार आरपीएफ प्रभारी नरेश कुमार मीणा ने सोमवार को जौनपुर के केराकत स्थित एअ जनसेवा केंद्र पर छापेमारी करके वहां से भारी मात्रा में ई-टिकट बरामद
किए। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
आरपीएफ प्रभारी को लॉक डाउन के पूर्व से ही शिकायत मिल रही थी, कि उक्त स्थान से टिकटों की अवैध बिक्री की जा रही है। लेकिन लॉक डाउन के चलते काम बंद हो जाने से कोई सुराग नहीं लग रहा था। इस बीच जैसे ही आईआरसीटीसी ने टिकटों की बुकिंग खोली, टिकटों की कालाबाजारी एक बार फिर शुरू हो गई।
जिसके बाद सूचना मिलने पर आरपीएफ प्रभारी तत्काल जौनपुर के केराकत स्थित नरहन गांव पहुंचे, और वहां स्थति शुभम कम्प्यूटर्स व जनसेवा केंद्र पर छापा मारा। तलाशी में वहां पर पर्सनल आईडी पर निकाले गए 33 हजार 685 रूपए कीमत के 26 ई-टिकटों के अलावा लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल व 37 हजार रूपए नकद बरामद हुए।
मौके से गिरफ्तार केंद्र संचालक शुभम कुमार पुत्र केवालाल निवासी नरहन, केराकत को थाने लाकर संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया।
इस दौरान टीम में कां. लालबहादुर यादव, रामबहादुर यादव, कृष्ण गोपाल यादव, देवेंद्र यादव आदि रहे।