गाज़ीपुर। दिलदारनगर क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। कर्मा गांव के पास आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कर्मा गांव निवासी रवि शंकर कुशवाह (30), उनकी पत्नी सरोज (25) और 7 माह का बेटा अंकुश शामिल हैं। तीनों मोटरसाइकिल से अपनी ससुराल सरहुला गांव से वापस लौट रहे थे। वे बुधवार को साली के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए थे।
बताया जा रहा है कि कर्मा गांव के मोड़ के पास अचानक तेज बारिश और गरजते बादलों के बीच आकाशीय बिजली गिरी। आकाशी बिजली की चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोग तुरंत उन्हें दिलदारनगर के एक निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होते ही एसडीएम लोकेश कुमार व तहसीलदार सुनील कुमार और स्थानी पुलिस मौके पर पहुंची।
यह घटना परिवार के लिए दोहरा झटका है। कुछ समय पहले कोरोना काल में रवि शंकर के पिता महेंद्र कुशवाह की भी मृत्यु हो गई थी। रवि शंकर उनके बड़े भाई संतोष भी दिल्ली में रहकर एक फैक्ट्री में काम करते थे। मृतक रवि शंकर कुशवाहा होली पर्व मनाने के लिए अपने गांव कर्मा आए थे। मृतक के माता शीला देवी और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
इस संबंध में थाना प्रभारी अशोक मिश्रा ने बताया कि तीनों मृतकों का शव कब्जे में लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के सम्मुख विधिक कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेजा गया।