डीएम आवास के सामने निकाला तमंचा,दबाया ट्रिगर

संवादाता: विकास पाठक

जौनपुर : शहर के हुसेनाबाद इलाके में जिलाधिकारी आवास के समीप दीवानी न्यायालय परिसर के सामने मंगलवार को दोपहर में दो युवकों के बीच हाथापाई हो गई। इसी दौरान एक युवक ने दूसरे को गोली मारने की नीयत से तमंचा निकालकर ट्रिगर दबा दिया। संयोग से गोली नहीं चली। घटना से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस छानबीन के बाद तमंचा निकाले जाने और फायर के प्रयास की बात से इन्कार कर रही है।

जौनपुर: मौके पर जांच करती पुलिस

दीवानी कचहरी के पास स्थित कालोनी में रहने वाले युवक आर्यन सिंह के पिता दीवानी न्यायालय में पेशकार हैं। आनंद मिश्र नामक युवक ने कुछ दिनों पूर्व आर्यन सिंह के घर जाकर उसके माता-पिता से किसी बात को लेकर शिकायत की थी। आर्यन सिंह ने आनंद मिश्र को उलाहना देने पर अपशब्द कह दिया था। आर्यन दोपहर में करीब ढाई बजे दीवानी न्यायालय के बाहर स्थित सर्विस सेंटर पर बाइक की धुलाई करा रहे थे। आरोप है कि उसी समय आनंद मिश्र वहां पहुंच गया। उलाहना की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई होने लगी। इसी दौरान आनंद मिश्र ने तमंचा निकाल लिया और आर्यन सिंह को लक्ष्य कर ट्रिगर दबा दिया लेकिन गोली नहीं चली। सरेआम हुई इस घटना से आस-पास मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान हमलावर फरार हो गया। खबर लगते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। सीओ सिटी जितेंद्र दुबे, लाइन बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि दोनों युवकों के बीच हाथापाई और कहासुनी हुई थी, किसी ने तमंचा निकालकर गोली चलने की अफवाह फैला दी। तहरीर मिलने पर एफआइआर दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading