Report : Haseen Ansari
गहमर। कोतवाली क्षेत्र के खेमन राव पट्टी निवासी आर्मी जवान की तीन दिन पूर्व लेह में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। शुक्रवार की सुबह पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। गांव के लाल की एक झलक पाने के लिए दरवाजे पर भीड़ उमड़ गई। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। नरवा गंगा घाट पर अंतिम संस्कार हुआ।

खेमन राव पट्टी निवासी आर्मी जवान गजेंद्र सिंह (39) बंगाल इंजीनियर के यूनिट संख्या 71 में हवलदार के पद पर लेह में तैनात थे। मंगलवार की शाम साढ़े सात बजे वे यूनिट का ट्रक गैराज में खड़ा करके पैदल ही जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। जवानों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। लेह में पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर दिल्ली से वाराणसी लाया गया। सुबह सेना के जवानों ने शव को पैतृक घर लाया। नरवा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि जवान के बड़े भाई पवन कुमार सिंह ने दी
बार- बार बेहोश हो रही थी पत्नी, माता-पिता हुए बदहवास
आर्मी जवान का पार्थिव शरीर जैसे ही घर पहुंचा। लोगों के करुण क्रंदन से पूरा क्षेत्र में चीख- पुकार मच गई। पत्नी नीतू सिंह पति के पार्थिव शरीर को देखते ही बेहोश हो गई। वहीं मां-बाप बेटे के खोने को लेकर बदहवास नजर आए। यह दृश्य देख लोगों की आंखें भर आईं। पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से 39 जीटीसी के नायब सूबेदार कुलेंद्र विष्ट एवं बंगाल इंजीनियर 71 यूनिट के नायब सूबेदार सुरेश सिंह, हवलदार नरेश सिंह एवं हवलदार अनिल सिंह के नेतृत्व में पैतृक गांव पहुंचा।