अब लाल सलाम नहीं, जय श्रीराम का नारा ही लगेगा : योगी आदित्यनाथ

अगिआंव (Bihar): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने शुक्रवार को अगिआंव विधानसभा क्षेत्र में एनडीए (NDA) प्रत्याशी महेश पासवान (Mahesh Paswan) के समर्थन में आयोजित जनसभा में विपक्षी दलों पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया से कम्युनिस्टों का अस्तित्व समाप्त हो गया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस बिहार ने देश को स्वर्णयुग दिया, वहां अब लाल सलाम नहीं बल्कि जय श्रीराम का नारा गूंजेगा। उन्होंने आरजेडी (RJD), कांग्रेस (Congress) और भाकपा माले (CPI-ML) पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल गरीबों के राशन पर डकैती डालने का प्रयास कर रहे हैं।

बिहार ने दिया भारत को स्वर्णयुग:
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जैसे गधे के सिर से सींग गायब हो गए, वैसे ही दुनिया से कम्युनिस्टों का नामोनिशान मिट गया है। यह वही बिहार है जिसने भारत को स्वर्णयुग दिया। इसी भूमि पर महात्मा बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई और जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर का जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि यही धरती वीर कुंवर सिंह की जन्मभूमि है, जिन्होंने 1857 की क्रांति में अंग्रेजों को नाको चने चबाने पर मजबूर किया था। वीर कुंवर सिंह ने आरा से आजमगढ़ तक अंग्रेजों को खदेड़ते हुए इस क्षेत्र को स्वतंत्र घोषित किया था।

योगी ने कहा कि इसी भूमि से मुगल बादशाह हुमायूं को जान बचाकर भागना पड़ा था। यह वही पवित्र धरती है जिसने भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद और देश के दूसरे उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम जैसे महापुरुषों को जन्म दिया। स्वतंत्रता के बाद जब लोकतंत्र पर संकट आया, तब बिहार के जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर जैसे नेताओं ने युवाओं को एकजुट कर लोकतंत्र की रक्षा की थी।

विकसित बिहार की दिशा में मजबूत कदम:
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब बिहार विकसित होगा, तभी भारत विकसित होगा। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में मुख्यमंत्री नितीश कुमार (Nitish Kumar) के नेतृत्व में सुशासन की मजबूत नींव रखी गई है और अब इस नींव पर विकास की ऊंची इमारत खड़ी करनी है। उन्होंने जनता से अपील की कि यह बिहार की जनता की अग्निपरीक्षा का समय है, क्योंकि कमल हमेशा कीचड़ में ही खिलता है।

उन्होंने कहा कि आरजेडी के शासन में लालटेन का अंधियारा फैला था, जब डकैतियां और भ्रष्टाचार चरम पर थे। गरीबों का हक छीना जा रहा था, सड़कें टूटी थीं, नौकरियां नहीं थीं और उद्योग-धंधे बंद थे। आज वही बिहार बदल रहा है — अयोध्या की तर्ज पर सीतामढ़ी में सीता मइया का भव्य मंदिर बन रहा है, रेल और मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ रही है, फोर लेन एक्सप्रेसवे तैयार हो रहे हैं और मेडिकल व इंजीनियरिंग कॉलेज खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज गरीबों को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और नितीश कुमार के संयुक्त नेतृत्व का परिणाम है।

विपक्ष पर लगे गंभीर आरोप:
योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा वार करते हुए कहा कि इंडी गठबंधन (INDI Alliance) में शामिल कांग्रेस, माले और आरजेडी गरीबों के राशन पर डकैती डालने के लिए साथ आए हैं। उन्होंने कहा कि इनके शासन में गरीबों को राशन नहीं मिलता था, बल्कि पशुओं का चारा तक खा लिया जाता था। ये दल गरीबों की बात करते हैं लेकिन गरीबों के हक को छीनने का काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि पहले नौकरियों के नाम पर गरीबों की जमीनें हड़पी जाती थीं और किसानों को पलायन के लिए मजबूर किया जाता था। बिहार में माफियाराज फैला दिया गया था, जिससे व्यापारियों, बहन-बेटियों और युवाओं की सुरक्षा पर संकट खड़ा हो गया था। योगी ने कहा कि आज बिहार में निवेश है, रोजगार है और विकास की नई राह खुल चुकी है। अब यहां आर्थिक स्वावलंबन और सम्मानजनक जीवन की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।


#Tags:#YogiAdityanath #BiharElections #NDA #MaheshPaswan #NitishKumar #RJD #BiharDevelopment


डिस्क्लेमर: यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है।

Related Post

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading