गाज़ीपुर। “हाथी नहीं गणेश हैं, ब्रह्मा विष्णु महेश हैं” इस कथन के साथ राज्य सभा सांसद और बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने गाज़ीपुर में ब्राह्मणों के उत्पीड़न की कहानी अपनी जुबानी सुना दी।
गुरुवार को गाजीपुर में शहर स्थित स्टार पैलेस मैरिज हॉल में बहुजन समाज पार्टी की तरफ से प्रभुद्ध वर्ग विचार संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस क्रायकर्म के मुख्य अतिथि सतीश चन्द्र मिश्र थे। कार्यक्रम में गाज़ीपुर के बसपा सांसद अफजाल अंसारी और पूर्व मंत्री विजय मिश्र मौजूद थे।

कार्यक्रम में सतीश चन्द्र मिश्र ने माइक संभालते हुए ब्राह्मणों के उत्पीड़न की दास्तां बयां करते हुए वर्तमान भाजपा सरकार और पूर्व की सपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार ब्राह्मणों पर अत्याचार कर रही है, उन्होंने बिकरू काण्ड का जिक्र करते हुए कहा कि खुशी दुबे पर अत्याचार किया जा रहा है। उन्होंने गाज़ीपुर के रियल स्टेट व्यापारी गणेश दत्त मिश्र का जिक्र करते हुए कहा कि इस सरकार में ब्राह्मणों पर इस तरह अत्याचार किया जा रहा है कि गणेश दत्त मिश्र के पिता के मकान को गिरवा दिया गया, उनके आर्म्स लाइसेंस को निरस्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई ब्राह्मण प्रताड़ित किए जा रहे हैं उनमें से एक गणेश दत्त मिश्र भी हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बुलडोजर लेकर घूम रही है। भाजपा सरकार प्रदेश के सभी मजबूत ब्राह्मणों को टारगेट कर रही है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए श्री मिश्र ने कहा कि हम ठेला चलाने वालों गरीबों का सम्मान करते हैं और बसपा गरीबों की पार्टी है लेकिन भाजपा डिग्री धारकों से भी पकौड़े बेचवाने और ठेला चलवाने का काम करवा रही है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि वाराणसी में विकास और कॉरिडोर के नाम पर भाजपा सरकार सैंकड़ों पुराने मंदिरों को तोड़कर उनके मलबे से गंगा को पाटने का काम रही है जिससे उनके वीआईपी लोगों की बड़ी बड़ी जहाजें आ सकें और विश्वनाथ मंदिर का दर्शन कर सकें। उनके इस कार्य ने वाराणसी के धार्मिक अस्तित्व को खत्म करने का काम किया है।
श्री मिश्र ने पूर्व की समाजवादी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा में भी ब्राह्मणों पर खूब अत्याचार किया है और इसी तर्ज पर वर्तमान की भाजपा सरकार भी चल रही है। समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि गाजीपुर से पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने सपा की इसी रवैए को देखते हुए समाजवादी पार्टी को छोड़ दिया।
…………………………………….
गाज़ीपुर से अभिनेंद्र की रिपोर्ट












