प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 75वें जन्मदिन पर बुधवार को मध्य प्रदेश के धार जिले से देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह नया भारत है, जो किसी भी तरह की परमाणु धमकी से डरने वाला नहीं है। पीएम मोदी ने साफ शब्दों में कहा, “हम घर में घुसकर मारते हैं। ऑपरेशन सिंदूर में हमारे जवानों ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया।”

धार की धरती को बताया पराक्रम की धरती
पीएम मोदी ने कहा कि धार की यह धरती पराक्रम और प्रेरणा की धरती है। यहां से मां भारती की आन-बान-शान की गूंज सुनाई देती है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि आज भी हर नागरिक का हर पल देश के लिए समर्पित रहना चाहिए।

पीएम मित्रा पार्क की आधारशिला रखी
प्रधानमंत्री ने बदनावर तहसील के भैंसोला गांव में पीएम मित्रा पार्क की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने खुली जीप में लोगों का अभिवादन किया और राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा के लिए सिंगल क्लिक पर राशि ट्रांसफर की।
उन्होंने कहा कि यह औद्योगिक पहल भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई ऊर्जा देगी और लाखों किसानों तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएगी।
महिलाओं और बेटियों के स्वास्थ्य पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि महिलाएं और बेटियां हमेशा परिवार की चिंता करती हैं, लेकिन उन्हें अपने स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, “कहिएगा कि आपका बेटा, भाई धार आया था। हमें संकल्प लेना है कि कोई मां छूट न जाए और कोई बेटी पीछे न रह जाए।”
उन्होंने 8वें राष्ट्रीय पोषण माह की शुरुआत करते हुए कहा कि “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” महाअभियान अब पूरे देश में चलाया जाएगा।
बीमारियों की शुरुआती जांच होगी जरूरी
मोदी ने कहा कि महिलाओं को कई बीमारियां चुपचाप घेर लेती हैं, जिन्हें समय रहते पहचानना बेहद जरूरी है। इस अभियान के तहत लाखों कैंप लगेंगे और शुरुआती स्तर पर ही जांच की जाएगी। उन्होंने अपील की कि महिलाएं संकोच छोड़कर इन कैंपों में जाकर जांच कराएं।
विश्वकर्मा जयंती पर औद्योगिक शुरुआत
पीएम मोदी ने विश्वकर्मा जयंती पर भगवान विश्वकर्मा को नमन किया और कहा कि आज से बड़ी औद्योगिक शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मित्रा पार्क से निमाड़ और मालवा क्षेत्र के किसानों को कॉटन उत्पादन का सीधा लाभ मिलेगा। यहां से तैयार वस्त्र सीधे गुजरात के कांडला पोर्ट तक मात्र 12 घंटे में पहुंच सकेंगे।
3 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार
कार्यक्रम में मौजूद MSME मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि अभी तक 60 कंपनियों के एग्रीमेंट हो चुके हैं और करीब 20 हजार करोड़ का निवेश आ रहा है। 700 करोड़ की लागत से अल्ट्रा मॉर्डन औद्योगिक क्षेत्र तैयार किया जा रहा है, जिससे लगभग 3 लाख लोगों को रोजगार मिलने का दावा किया गया है।

सीएम मोहन यादव ने दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पीएम मोदी की नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व ने भारत की तस्वीर बदल दी है। चाहे अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर हो या जम्मू-कश्मीर में सबसे ऊंचा पुल, सब कुछ मोदी सरकार में ही संभव हुआ है।
विकसित भारत के 4 स्तंभ
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के चार स्तंभ नारी शक्ति, गरीब, युवा और किसान हैं। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीय अब मिलकर विकसित भारत का निर्माण करेंगे और यही स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने का मार्ग है।
पीएम पार्क में कंपनियों को मिली जमीन, बड़े निवेश की तैयारी
मध्यप्रदेश में स्थापित हो रहे पीएम पार्क में देश की नामी-गिरामी कंपनियों को जमीन आवंटित की गई है। विभिन्न क्षेत्रों की ये कंपनियां न केवल भूमि पर इकाइयां स्थापित करेंगी, बल्कि हजारों करोड़ रुपये का निवेश भी करेंगी। इससे प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड
वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड को 190 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी यहां 2000 करोड़ रुपये का निवेश कर अपनी इकाई स्थापित करेगी।
जैन कॉर्ड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड
जैन कॉर्ड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को 58 एकड़ भूमि मिली है। यह कंपनी 2515 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
एवी कॉटनस्पिन इंडिया लिमिटेड
एवी कॉटनस्पिन इंडिया लिमिटेड को 45 एकड़ भूमि दी गई है। कंपनी यहां 1300 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
ट्राइडेंट लिमिटेड
ट्राइडेंट लिमिटेड को 180 एकड़ भूमि पर इकाई स्थापित करने की अनुमति मिली है। कंपनी 4881 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जो सबसे बड़ा निवेश है।
ऑरा सिक्योरिटाइज प्रा.लि.
ऑरा सिक्योरिटाइज प्राइवेट लिमिटेड को 105 एकड़ जमीन आवंटित हुई है। कंपनी 1204 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
बेस्ट लाइफस्टाइल अपैरल प्रा.लि.
बेस्ट लाइफस्टाइल अपैरल प्राइवेट लिमिटेड को 75 एकड़ भूमि पर इकाई स्थापित करने के लिए 981 करोड़ रुपये का निवेश करना है।
नासा फाइबर टू फैशन प्रा.लि.
नासा फाइबर टू फैशन प्राइवेट लिमिटेड को 30 एकड़ भूमि आवंटित हुई है। कंपनी यहां 472 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
डोनियर सिंथेटिक लिमिटेड
डोनियर सिंथेटिक लिमिटेड को 20 एकड़ भूमि मिली है। यह कंपनी 220 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
महालक्ष्मी प्रोसेसिंग हाउस प्रा.लि.
महालक्ष्मी प्रोसेसिंग हाउस प्राइवेट लिमिटेड को 30 एकड़ भूमि आवंटित हुई है। कंपनी 300 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
कमर्शियल सिंथ बेस लिमिटेड
कमर्शियल सिंथ बेस लिमिटेड को 8 एकड़ भूमि दी गई है। कंपनी यहां 134 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
नावकार टेक्सटाइल्स लिमिटेड
नावकार टेक्सटाइल्स लिमिटेड को 8 एकड़ भूमि आवंटित हुई है और कंपनी 135 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
औद्योगिक विकास की ओर कदम
पीएम पार्क में इन कंपनियों के आने से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की संभावना है। साथ ही मध्यप्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य को नई पहचान मिलेगी। इस पार्क को औद्योगिक विकास का केंद्र बनाने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है।
…..

