Ghazipur Crime: यूपी के गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के सिधौना के पास बीते शुक्रवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हुए युवक की हत्या का स्वाट/सर्विलांस टीम और खानपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया. सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने आरोपितों को मीडिया के समक्ष पेश किया. एसपी ने बताया कि स्वतंत्र भारती की हत्या की साजिश उसकी पत्नी ने ही रची थी. हत्या में प्रयुक्त असलहा और बाइक भी बरामद कर लिया गया है.
एसपी ने बताया कि बीते शुक्रवार को सिधौना-नेहनाजपुर मार्ग पर ईशोपुर के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर सिधौना गांव निवासी स्वतंत्र भारती (25) की हत्या कर दी थी. तहरीर के अधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था. मामले के खुलासे के लिए एसओजी और स्थानीय टीम को लगाया गया था. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी करने के लिए प्रयासरत थी.
तीन आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त असलहा बरामद
इसी क्रम में स्वाट/सर्विलांस और खानपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने खानपुर थाना के दिनौरा तिराहा के पास चेकिंग के दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया. इनके पास 315 बोर का दो तमंचा. दो कारतूस के साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद किया. इसके अलावा घटना में संलिप्त मृतक युवक की पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया.
एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौराने अभियुक्ता (मृतक की पत्नी) ने बताया कि मैं वीरु नामक उपरोक्त युवक से प्रेम करती थी. मेरी शादी मृतक स्वतंत्र भारती से मेरी मर्जी के खिलाफ हुई थी, लेकिन मैं अपने प्रेमी वीरू के साथ रहना चाहती थी. इसीलिए मैने अपने प्रेमी वीरू व उसके साथियों गोविंद और गामा के साथ मिलकर साजिश कर अपने पति स्वतंत्र भारती की गोली से मरवाकर हत्या करवा दी थी.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में नंदगंज थाना क्षेत्र के डिहिया निवासी गोविंद यादव, इसी थाना क्षेत्र के हदीमपुर सोंथी निवासी गामा बिंद, और खानपुर थाना क्षेत्र के सिधौना गांव निवासी मृतक स्वतंत्र भारती की पत्नी पंकज गिरी शामिल हैं. सभी का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया.

