गाजीपुर | जनपद पुलिस के अनुसार। IS-191 गैंग के पूर्व सरगना मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्सा अंसारी फरार चल रही हैं और उनपर 50 हजार रुपये ईनाम है, आफ्सा अंसारी के पति यानि मुख्तार अंसारी के बैंक खाते में पड़ी रकम को फ्रीज किया गया है । पुलिस के अनुसार बैंक में जमा 25.52 लाख रुपये को फ्रीज कर दिया गया। यह खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की यूपी सिविल सेक्रेटेरिएट लखनऊ शाखा में है। पुलिस को सूचना मिली थी कि मुख्तार अंसारी के खाते में संदिग्ध तरीके से यह रकम जमा की गई थी। इसके बाद कोतवाली थाने के प्रभारी निरीक्षक ने तुरंत बैंक से संपर्क कर खाता में मौजूद राशि को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू की। नियमानुसार रिपोर्ट भेजकर इस धनराशि को तत्काल प्रभाव से फ्रीज करवा दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
आफ्सा अंसारी के खिलाफ गाजीपुर के कोतवाली और नंदगंज थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी, जालसाजी, चोरी, जबरन वसूली और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। वह लंबे समय से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए 50000 रुपये का इनाम घोषित है। गाजीपुर पुलिस ने बताया कि शासन के निर्देश पर अपराधियों और उनकी अवैध कमाई पर नकेल कसने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी कार्रवाइयों से अपराध पर अंकुश लगेगा।