रिपोर्टर: अनुज कुमार
नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान (Lucknow) में सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए वन्य जीवों की सुरक्षा और आराम के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बाड़ों और बाड़ों के कमरों में विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि सभी प्राणी ठंड से सुरक्षित रहें और उनका स्वास्थ्य प्रभावित न हो।

बाड़ों में सुरक्षा और आराम के उपाय:
वन्य जीवों के बैठने, लेटने और आराम करने के लिए जमीन पर पुआल, घास और लकड़ी के तख्त बिछाए गए हैं। ठंडी हवा और ओस से बचाव के लिए बाड़ों पर तिरपाल, शीट और चटाई लगाई गई है। विशेष रूप से पक्षियों के बाड़ों में छतों पर शीट और चटाई की व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें ठंड से राहत मिले।

धूप और हीटिंग प्रबंध:
शीत ऋतु में धूप की पर्याप्त व्यवस्था के लिए पेड़ों की शाखाओं की छंटाई कराई गई है। इससे सभी वन्य जीवों को पर्याप्त धूप प्राप्त होती है। बाड़ों के कमरों को गर्म रखने के लिए उल्लू घर, मछली घर, बाघ, बब्बर शेर, सिंह पूंछ बंदर और चिम्पेन्जी आदि के बाड़ों में हीटर लगाए गए हैं। चिम्पेन्जी और अन्य बंदरों को कंबल भी उपलब्ध कराए गए हैं।
सांप और जलीय जीवों की देखभाल:
साँपों के लिए विशेष हीटर, पुआल और कंबल की व्यवस्था की गई है। हिप्पो, घड़ियाल, मगरमच्छ और कछुआ जैसे जलीय जीवों के बाड़ों में समय-समय पर ताजा पानी छोड़ा जा रहा है, ताकि उनकी जीवन स्थितियों पर सर्दी का असर न पड़े।
भोजन और पोषण प्रबंध:
निदेशक प्राणि उद्यान (Lucknow) अदिति शर्मा ने बताया कि मांसाहारी और शाकाहारी वन्य जीवों के भोजन में मौसम के अनुसार आवश्यक परिवर्तन किया गया है। जू के वन्यजीव चिकित्सक डॉ. उत्कर्ष शुक्ल ने बताया कि वन्य जीवों को अतिरिक्त विटामिन और मिनरल्स भी दिए जा रहे हैं।
चिकित्सा और आपात व्यवस्था:
प्राणि उद्यान के पशु चिकित्सालय में सर्दी से प्रभावित वन्य जीवों के लिए आकस्मिक चिकित्सा की पूरी व्यवस्था की गई है। विशेषज्ञ चिकित्सक लगातार स्वास्थ्य पर नजर रख रहे हैं ताकि किसी भी तरह की समस्या तुरंत हल की जा सके।
#LucknowZoo,#Wildlife,#WinterCare,#AnimalSafety,#Zoo,#AditiSharma,#DrUtkarshShukla,#Conservation
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।