रिपोर्ट: सऊद अंसारी
Lucknow: इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित परिवहन विभाग के एक बड़े कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी ली। सीएम योगी ने कहा कि कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे तय था, लेकिन मुझे लगा मंत्री जी 12 बजे तक ही पहुंचेंगे। आश्चर्य तब हुआ जब मीटिंग के दौरान सूचना मिली कि मंत्री जी सुबह 10 बजे ही पहुंच गए। यह देखकर खुशी हुई कि वे समय से पहले आए। योगी ने मजाकिया लहजे में कहा कि अब उम्मीद है कि रोडवेज बसों की टाइमिंग भी सही हो जाएगी।
400 नई बसों को हरी झंडी
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर रोडवेज की 400 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें डबल डेकर बसें, ई-बसें और साधारण बसें शामिल हैं। सभी बसों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। इनमें CCTV कैमरे, पैनिक बटन, हर खिड़की पर सेफ्टी हैमर, फायर सेफ्टी डिवाइस और सामान रखने के लिए बड़े व मॉडर्न रैक की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीटें आरामदायक बनाई गई हैं, वहीं कंडक्टर के लिए अलग सीट भी दी गई है।
समय की पाबंदी पर जोर
अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि मंत्री जी का समय से पहले आना यह संकेत है कि अब परिवहन विभाग भी समय की पाबंदी को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि जैसे बसें समय पर चलेंगी और स्टेशन व्यवस्थित बनेंगे, वैसे ही विभाग की कार्यप्रणाली में भी तेजी आएगी। योगी ने परिवहन कर्मियों को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से ही रोडवेज यात्रियों के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद सेवा का पर्याय बन रहा है।
परिवहन विभाग में सुधार की दिशा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग के विकास की योजनाओं पर भी रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि नई तकनीक और सुविधाओं से लैस बसें न केवल यात्रियों को आरामदायक सफर देंगी बल्कि प्रदूषण नियंत्रण में भी मददगार साबित होंगी। ई-बसों का बढ़ता इस्तेमाल प्रदेश को हरित ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाएगा। सीएम ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में रोडवेज का हर स्टेशन साफ-सुथरा और आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा।

