लखनऊ। Republic Day 2024: पूरा देश आज 75वें गणतंत्र दिवस का जश्न मना रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ में ध्वजारोहण करके गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत की। इसके बाद सेना की टुकड़ी ने शानदार मार्च पास्ट करते हुए परेड का शुभारंभ किया। पीछे-पीछे टी 90 टैंक सर्वत्र ब्रिज होवित्जर गन जैसे कई मारक हथियार भी शहरवासियों को देखने को मिले। लखनऊ के अलावा प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भी गणतंत्र दिवस का जश्न मनाया गया।

इस बार गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार शहरवासियों ने रक्षा क्षेत्र में बढ़ती भारत की ताकत को सेल्फ प्रपोल्ड 155 एमएम वाली के-9वज्र मीडियम गन के रूप में देखा। यूपीएटीएस के दस्ते में शामिल महिला कमांडों ने शानदार कदमताल करते हुए विधानभवन के सामने से गुजरीं तो महिला सशक्तिकरण की झलक भी दिखाई दी। शहर में शुक्रवार को गणतंत्र दिवस समारोह बहुत धूमधाम से मनाया गया।
पहली बार दिखी राम मंदिर की झलक
प्रभु श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा की झलक राम मंदिर के रूप में दिखी। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की झांकी को सांस्कृतिक गौरव की पुर्नस्थापना : श्रीराम मंदिर थीम पर सजाया गया था। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की झांकी में अयोध्या के लिए चलने वाली राम रथ बस सेवा को प्रमुखता से दिखाया गया। एलडीए की झांकी में आइएनएस गोमती को भी दिखाया गया। कुल 22 झांकियां इस बार परेड में शामिल हुईं।