Kanpur: कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आईआईटी चौकी के नानकारी नई बस्ती इलाके में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक दबंग युवक ने कार के आमने-सामने आने पर खुलेआम कट्टा निकाल लिया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में आक्रोश फैल गया।
गाली-गलौज के बाद निकाला कट्टा
जानकारी के मुताबिक, संकरी गली में दो कार आमने-सामने आ गईं। इसी दौरान दबंग युवक ने दूसरे चालक से गाली-गलौज शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उसने धमकाते हुए कहा कि यदि तुरंत गाड़ी पीछे नहीं की तो वह कट्टा निकाल देगा। इसके बाद युवक ने सच में कट्टा निकालकर सबको डराना शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों का गुस्सा फूटा
कट्टा लहराते हुए दबंग की हरकतों से आसपास मौजूद लोग भड़क उठे। मौके पर इकट्ठा हुई भीड़ ने हिम्मत दिखाते हुए युवक का हथियार छीन लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को मिली जानकारी
मामले की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना क्षेत्र की पुलिस सक्रिय हो गई। बताया जा रहा है कि यह वही युवक है जिसने पूर्व में चकरतनपुर निवासी एक व्यक्ति को भी कट्टा तानकर धमकाया था। लगातार ऐसी घटनाओं के कारण स्थानीय लोगों में गुस्सा और डर दोनों ही देखने को मिला।
संकरी गलियों में आए दिन होने वाले विवादों ने एक बार फिर गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की दबंगई पर सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि आगे किसी भी निर्दोष को इस तरह की दहशत का सामना न करना पड़े।

