Video: पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति, बीच बाजार मारी गोली…

रिपोर्ट: रविन्द्र चौधरी

Gorakhpur: शाहपुर थाना क्षेत्र के जेल रोड पर बुधवार रात दिल दहला देने वाली घटना हुई। करीब 8 बजे पति ने अपनी पत्नी को बीच बाजार गोली मार दी। मौके पर अफरातफरी मच गई। गंभीर हालत में महिला को आसपास के लोगों ने प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान ममता चौहान (30) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, उसका पति विश्वकर्मा चौहान से पिछले डेढ़ साल से विवाद चल रहा था और दोनों अलग-अलग रहते थे। बुधवार शाम ममता फोटो खिंचवाने के लिए जेल रोड स्थित एक स्टूडियो गई थी। इसी दौरान वहां उसका पति पहुंचा। दोनों के बीच कहासुनी हुई और गुस्से में आकर विश्वकर्मा ने तमंचे से पत्नी के सीने में गोली मार दी।

गोली लगते ही ममता जमीन पर गिर पड़ी। आस-पास मौजूद लोगों ने आनन-फानन उसे विनायक हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।

सूचना पर शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नीरज राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के विवाद की बात सामने आई है। आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस वारदात से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद था, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading