Video: गोरखपुर में लागू हुआ ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम…

रिपोर्ट: रविन्द्र चौधरी



Gorakhpur: उत्तर प्रदेश सरकार के आदेश के बाद अब गोरखपुर में भी नो हेलमेट-नो पेट्रोल नियम लागू कर दिया गया है। देर रात एबीटी की टीम ने नकहा ओवरब्रिज के पास स्थित एक पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया, जहां इस नियम का कड़ाई से पालन होते देखा गया।

पेट्रोल पंप संचालक ने बताया कि शासन के निर्देश के मुताबिक अब बिना हेलमेट किसी भी व्यक्ति को पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है। मौके पर कुछ लोग बिना हेलमेट पेट्रोल लेने पहुंचे तो उन्हें साफ मना कर दिया गया। कई लोग नाराज होकर वापस चले गए, जबकि कुछ ने नियम का सम्मान करते हुए हेलमेट पहनने की बात मानी।

पेट्रोल पंप पर दिखी सख्ती से साफ है कि सरकार का यह कदम अब जमीन पर उतर चुका है। नियम का मकसद सड़क हादसों में कमी लाना और लोगों की जान बचाना है। अधिकारियों का कहना है कि इस आदेश से न सिर्फ हेलमेट की अनिवार्यता बढ़ेगी बल्कि परिवार भी सुरक्षित रहेगा।

स्थानीय लोगों ने भी सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि हेलमेट से न केवल पेट्रोल मिलेगा बल्कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में सिर की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप मालिकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि नियम का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस और परिवहन विभाग भी समय-समय पर निरीक्षण करेंगे।

इस कदम के जरिए सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों की सोच में बदलाव लाना चाहती है। अब गोरखपुर समेत पूरे प्रदेश में बाइक सवारों के लिए हेलमेट पहनना सिर्फ कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि पेट्रोल पाने की शर्त भी बन गया है।

Related Post

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading