रिपोर्ट: हसीन अंसारी
Ghazipur: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित करने गाजीपुर पहुंचे और मौके पर ही विपक्ष, जीएसटी और राजनीतिक मुद्दों पर ताबड़तोड़ बयानबाजी की। उन्होंने कहा कि सरकार हर संभव मदद कर रही है और बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत समय पर मिल रही है।
जीएसटी दरों में बदलाव के सवाल पर संजय निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां हमेशा जनकल्याणकारी रही हैं। गरीब और आम जनता के हित में कई वस्तुएं टैक्स फ्री की गईं और स्लैब घटाए गए।
पीडीए और विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में पीडीए की हवा निकल चुकी है। विपक्षी दल – कांग्रेस, बसपा और सपा सहित कुछ लोग भाजपा की राजनीति प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं, जिनसे सतर्क रहना होगा। संजय निषाद ने कहा, “पहले ये दल ‘धोखेबाज’ थे, अब ‘गालीबाज’ भी बन गए हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी पर हुए अपशब्दों पर मंत्री ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी की मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। यह प्रधानमंत्री ने भारत का नाम रोशन करने वाले लाल हैं।
स्वामी प्रसाद मौर्य पर मुकदमे के सवाल पर संजय निषाद ने कहा कि संविधान सभी को अपने धर्म का प्रचार करने की अनुमति देता है, लेकिन किसी अन्य धर्म पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं देता। उन्होंने 2027 के चुनाव में एनडीए की मजबूती पर भरोसा जताया और कहा कि एनडीए का 25 वर्षों का इतिहास आगे भी कायम रहेगा।
ओमप्रकाश राजभर के बयान पर मंत्री ने कहा कि राजभर उनके बड़े भाई और नेता हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि हिंसा की बजाय संवाद का रास्ता अपनाएं। विधायक केतकी सिंह की बेटी के बयान पर उन्होंने कहा कि यह राज्य संपत्ति का मामला है और उस पर टिप्पणी करना उचित नहीं।
संजय निषाद ने विपक्षी एकता पर भी सवाल उठाए और इसे केवल दिखावा करार दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष फोटो खिंचवाने के लिए एकजुट होता है, लेकिन बाद में हर कोई अपनी राह चला जाता है।
इस अवसर पर मंत्री ने जनता से संवाद और सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर वर्ग को सुरक्षा, रोजगार और समृद्धि उपलब्ध कराना है।
संजय निषाद ने बाढ़ राहत के बीच किया विपक्ष पर हमला, मोदी-मां विवाद पर भी बरसे

