ED Raid In Ballia: बलिया जिले में ईडी के छापेमारी की सुचना से चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। खबर के अनुसार जिले में खेजुरी थाना क्षेत्र के खेजुरी बाजार में बने एक मकान पर शुक्रवार को ईडी की टीम ने छापेमारी की। तीन गाड़ियों से पहुंची टीम सुबह करीब नौ बजे घर के अंदर दाखिल हुई, खबर के अनुसार मामला झारखंड में आयुष्मान योजना के तहत बिना उपचार किए कराए गए लाखों के भुगतान और धोखाधड़ी से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि स्थानीय पुलिस के अधिकारी इस संबंध में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार वहां झारखण्ड और वाराणसी नम्बर की गाड़ियाँ भी नज़र आयीं।
बताया जाता है कि मकान मालिक सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के खरीद निवासी हरेराम यादव पहले मेडिकल स्टोर चलाते थे। उनके दो लड़के आयुष्मान योजना में बतौर कर्मचारी कार्यरत हैं। एक झारखंड में कार्यरत है तो दूसरा पड़ोसी जनपद मऊ में कार्यरत है और ये मामला झारखण्ड से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, बताया जा रहा है कि आयुष्मान योजना के तहत बिना इलाज के पैसा क्लेम करने और भुगतान का मामला सामने आने के बाद इसकी जांच ईडी को सौंपी गई है। जिसके तहत यह कार्रवाई हुई है। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल झा ने इस प्रकार की जानकारी से इनकार किया है।

उधर खबर आई कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने झारखंड में आयुष्मान भारत योजना में हुए कथित घोटाले के संदर्भ में शुक्रवार को व्यापक कार्रवाई की। इस अभियान में झारखण्ड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के निजी सचिव ओमप्रकाश गुप्ता के झारखण्ड के जमशेदपुर स्थित आवास सहित देश के 21 स्थानों पर छापामारी की गई। इस कार्रवाई की नींव तब पड़ी, जब सीएजी ने संसद में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट में आयुष्मान भारत योजना के तहत झारखंड में गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख था, जिसमें मृत व्यक्तियों के नाम पर इलाज दिखाकर धन की हेराफेरी और फर्जी दावों का खुलासा हुआ।
