Milkipur bypoll: Samajwadi Party की स्टार प्रचारक सांसद Dimple Yadav के रोड शो को लेकर अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ अयोध्या के थाना इनायतनगर में आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज हुआ है। सब इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह की तहरीर पर यह मुकदमा दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि रोड शो के दौरान अनुमति से अधिक वाहनों का प्रयोग किया गया और रायबरेली हाईवे के दोनों लेन को जाम कर दिया गया था।

आपको बता दें कि सांसद डिंपल यादव मिल्कीपुर उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अजीत प्रसाद के समर्थन में गुरुवार को रोड शो करने आई थीं। बताया जा रहा है कि रोड शो का काफिला कुमारगंज से मिल्कीपुर पेट्रोल पंप तक करीब नौ किलोमीटर लम्बा था। शाम करीब चार बजे रहे थे और काफिला इनायतनगर थाना क्षेत्र की सीमा में प्रवेश हुआ। आरोप है कि काफिले के लिए कुल 85 वाहनों की अनुमति थी जिसमे 50 दोपहिया, 25 चार पहिया छोटे वाहन व 10 एसयूवी के लिए ही आवेदन किया गया था लेकिन बिना अनुमति के इस काफिले में करीब 150 दो पहिया और 150 चार पहिया वाहनों के साथ कई एसयूवी वाहन भी चल रहे थे। वहीँ ध्वनि विस्तारक यंत्र भी स्वीकृति से अधिक प्रयोग किया गया।
रोड शो के लिए एक साइड से ही अनुमति के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग 330 ए पर सहुलारा तिराहा पर दोनों पटरियों पर सपा कार्यकर्ताओं के वाहन इनायतनगर की तरफ आते रहे जिसकी वजह से आवागमन की व्यवस्था बाधित हुई और अत्यधिक भीड़ व वाहन के प्रयोग से चुनाव आयोग के निर्देशों का उल्लंघन हुआ इसलिए उप निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (ए) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।




