Budget 2025: केन्द्रीय बजट पर पुरे देश की नज़र रहती है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को वित्त वर्ष 2025-26 का पूर्ण बजट पेश करेंगी। वैसे तो वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कई बजट पेश किया है और चर्चाओं में भी रही हैं अब ये उनका 8वां बजट होगा। देश के विभिन्न आय वर्ग से जुड़े लोगों को इस बजट से केवल उम्मीदें नहीं बल्कि विश्वास भी होगा कि ये बजट उनके हित में हो। विशेषज्ञों के मुताबिक सरकार इस बार के बजट में हेल्थ सेक्टर, जीडीपी ग्रोथ, महंगाई, टैक्स स्लैब आदि चीजों पर विशेष ध्यान देगी। देश में ग्रोथ को रफ्तार देने के लिए कई पॉलिसीज में बदलाव किए जाने कि सम्भावना भी हैं।

वहीँ इनकम टैक्स में भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, इस साल के बजट में क्या होगा? इस बारे में तभी पता चलेगा जब केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को देश का पूर्ण बजट पेश करेंगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में बताया कि देश में करीब 65 फीसदी से ज्यादा करदाता न्यू टैक्स रिजीम को अपना चुके हैं। यानि हर 3 में 2 लोग न्यू टैक्स रिजीम के अंतर्गत टैक्स फाइल कर रहे हैं। सरकार न्यू टैक्सरिजीम को साल 2020 में लेकर आई थी। हालांकि, अब सरकार का ध्यान न्यू टैक्स रिजीम को ज्यादा आकर्षक बनाने पर है। इसी वजह से न्यू टैक्स रिजीम में लगातार कई बदलावों को अंजाम दिया भी जा रहा है। पिछले साल न्यू टैक्स रिजीम के तहत स्टैंडर्ड डिडक्शन को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये कर दिया गया था तो वहीँ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्टैंडर्ड डिडक्शन की सीमा को 75 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये तक किया जा सकता है। वहीं 20 प्रतिशत टैक्स रेट दायरे को 12-15 लाख रुपये की आय से बढ़ाकर 12-20 लाख रुपये तक किए जाने की संभावना है। इस बदलाव से उन लोगों को फायदा पहुंच सकता है, जिनकी आय 15-20 लाख रुपये के बीच है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि 20 लाख रुपये से ज्यादा आय पर 30 प्रतिशत का टैक्स रेट लागू हो सकता है। अगर ऐसा हुआ तो कई और लोग भी ओल्ड टैक्स रिजीम से न्यू टैक्स रिजीम शिफ्ट हो जाएंगे।




