रिपोर्ट: अमित कुमार
Ballia: समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष व फेफना विधानसभा से विधायक संग्राम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसे कभी पकौड़ा तलने को रोजगार बताया था, उसी तरह मुख्यमंत्री ने बलिया को सत्तू बेचने का रोजगार दे दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नौजवानों को रोजगार देने के बजाय जुमलेबाजी कर रहे हैं।
संग्राम सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार केवल सपने दिखाती है। सदन में खुद मुख्यमंत्री ने कहा था कि 2047 तक अच्छे दिन आएंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि आज जो युवा 25 साल का है, वह 2047 तक बूढ़ा हो जाएगा, ऐसे में सरकार की योजनाओं का लाभ उसे कब मिलेगा? उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि लोकतंत्र को राजतंत्र में बदलने की कोशिश की जा रही है।
विधायक ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होगा और अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने वादा किया कि नई सरकार की पहली कैबिनेट में 10 लाख नौकरियां दी जाएंगी। इसके लिए उन्होंने बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का उदाहरण दिया, जिन्होंने 17 महीनों में रोजगार देकर दिखाया।
संग्राम सिंह ने कहा कि बलिया के नौजवान आज बिहार में नौकरी करने को मजबूर हैं क्योंकि भाजपा सरकार ने प्रदेश में अवसर पैदा नहीं किए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस, राजद और सपा मिलकर जो वादा करेंगे, उसे पूरा भी करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि उन्होंने बलिया को जनेश्वर मिश्र पुल दिया, लेकिन भाजपा सरकार आज तक उसका एप्रोच रोड तक नहीं बना पाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल बातें करती है, काम के नाम पर शून्य है।