आज़मगढ़ में दो बाइकों की भिड़ंत, तीन की मौत, एक गंभीर और एक लापता

रिपोर्ट: राकेश वर्मा

Azamghar: आज़मगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सुरहन गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और एक अन्य का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। इस हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

रात को घर लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, सरायमीर क्षेत्र के कौरा गहनी गांव निवासी 15 वर्षीय सैफ, 17 वर्षीय गोलू और 17 वर्षीय राशिद सोमवार की रात बाइक से मार्टिनगंज बाजार गए थे। देर रात जब तीनों घर लौट रहे थे, तभी दीदारगंज के सुरहन गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

मौके पर दो की मौत

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद लोगों ने घायलों को किसी तरह पास के मार्टिनगंज सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने सैफ और गोलू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दूसरे बाइक पर सवार 20 वर्षीय अभिषेक और 19 वर्षीय गगन निवासी भूलनडीह थाना बरदह को प्राथमिक उपचार के बाद जौनपुर रेफर किया गया।

इलाज के दौरान तीसरी मौत

जौनपुर अस्पताल में इलाज के दौरान अभिषेक ने भी दम तोड़ दिया। इससे हादसे में मरने वालों की संख्या तीन हो गई। गगन की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। उधर, इस हादसे के दौरान सैफ और गोलू के साथ मौजूद तीसरे किशोर राशिद का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।


परिजनों में कोहराम और गांव में सन्नाटा

इस हादसे की खबर लगते ही मृतकों के घरों में चीख-पुकार मच गई। परिवारजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया है। तीन युवकों की असमय मौत ने सभी को झकझोर दिया है। वहीं, लापता किशोर की तलाश के लिए पुलिस की कोशिशें जारी हैं।

Related Post

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading