रिपोर्ट: शैलेन्द्र शर्मा
Azamghar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर कांग्रेस नेता मोहम्मद रिजवी द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने कड़ा विरोध जताया। इसको लेकर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और इस टिप्पणी को महिलाओं के सम्मान पर सीधा प्रहार बताया।
महिला मोर्चा की महामंत्री उषा आर्य ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मां-बहनों का सम्मान सर्वोपरि है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा महिलाओं को सम्मान व अग्रणी स्थान दिया है। ऐसे में किसी भी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता द्वारा इस तरह की भाषा का प्रयोग असहनीय है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में अगर महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली कोई टिप्पणी की गई तो महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी।
इस मौके पर महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष अमितलता सिंह, महामंत्री अंजना सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुमन सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष निरुपमा पाठक, सारिका सिंह, प्रगति सिंह, रेनू गोस्वामी, विभा बरनवाल और रेखा सिंह समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहीं। सभी ने एकजुट होकर कांग्रेस नेता के बयान की कड़ी निंदा की।
महिला मोर्चा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए साफ कहा कि “योगी-मोदी के राज में महिलाओं के अपमान को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।” उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीति में असहमति का स्थान है, लेकिन किसी भी नेता की मां के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
आजमगढ़ में महिला मोर्चा का यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस पर दबाव बनाने के साथ-साथ राजनीतिक सरगर्मी को भी तेज कर गया है।
कांग्रेस नेता की टिप्पणी पर भड़का महिला मोर्चा, कांग्रेस कार्यालय पर किया विरोध प्रदर्शन