Report: Haseen Ansari
गाजीपुर | पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम ने बुधवार को शातिर अपराधी और गैंग लीडर विकास यादव उर्फ विक्की की 1 करोड़ से अधिक की बेनामी अचल संपत्ति कुर्क कर ली। गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति है।
अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बीते आठ अक्टूबर को बहरियाबाद थानाध्यक्ष द्वारा भेजी गई आख्या रिपोर्ट पर पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे द्वारा संस्तुति दी गई थी। खानपुर थाना के मधुबन गांव निवासी अपराधी विक्की उर्फ विकास यादव गिरोह बनाकर आपराधिक और समाज विरोधी क्रियाकलाप में लिप्त रहता है। इससे अर्जित धन से उसने अपनी मां तारा देवी के नाम से मौजा मधुबन और अपनी पत्नी नंदिनी देवी के नाम से मौजा अनौनी में भू-संपत्ति खरीदी थी।

पुलिस प्रशासन की टीम ने 1.1 करोड़ की भू-संपत्ति कुर्क कर ली। गैंग लीडर विकास यादव उर्फ विक्की के खिलाफ खानपुर में गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इस संबंध में एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने बताया कि विकास यादव के खिलाफ खानपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट सहित संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज हैं। इसकी बेनामी संपत्ति को कुर्क किया गया है।