गाजीपुर | न कोई सिखाने वाला, न सामाजिक सम्मान और न ही छत, मौत तो साये की तरह पीछा करती है… जी हाँ, ये हाल सड़क किनारे अपना आशियाना बना कर रहने वाले समाज के उस तबके का जिसने खुद के सम्मान के बारे में सोचा ही नहीं… शायद समाज ने उसे सोचने ही न दिया… उनके मासूम बच्चों के लिए सड़क ही घर है और सड़क ही खेल का मैदान… यानि मौत को दावत…
उत्तर प्रदेश के जनपद गाजीपुर में गहमर कोतवाली इलाके के मां कामाख्या धाम के पास सड़क किनारे झुग्गी में डोम समाज के लोग रहते हैं, इधर उधर से रोटी का इंतेजाम करने के बाद वहीँ अपने परिवार के साथ आराम करते हैं, लेकिन वहां रहने वाले एक परिवार के लिए शुक्रवार की रात काल बनकर आई, वहां रहने वाले लालजी डोम किसी कार्य से कहीं गये हुए थे और रोजाना की तरह शुक्रवार की शाम भी लालजी डोम के परिवार के बच्चे और पत्नी खाना खाकर सो गए। इसी दौरान भदौरा की तरफ से गहमर की ओर जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। ट्रेलर ने सड़क किनारे झुग्गी में सो रहे लोगों को रौंद दिया। घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर फरार हो गया। घटना के बाद चीख पुकार मच गयी।

तीन बच्चों की मौत, दो की हालत नाजुक
इस दर्दनाक हादसे में ट्रेलर ने झोपड़ी में सो रहे 5 लोगों को कुचल दिया। उन पांच लोगों में एक ही परिवार के तीन मासूम थे, वो परिवार लालजी डोम का था, लालजी की 7 वर्षीय बेटी सपना, 5 वर्षीय कबूतरी और 2 वर्षीय ज्वाला संग लालजी की पत्नी 30 वर्षीय संतरा हादसे का शिकार हो गये। 5 वर्षीय कबूतरी और 2 वर्षीय ज्वाला ने मौके पर दम तोड़ दिया, सपना और पत्नी संतरा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। इसकी जानकारी होने पर पहुंचे अधिकारियों ने आवास दिलाने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद लोग शांत हुए और इधर सात वर्षीय सपना की भी इलाज के दौरान मौत हो गयी। मृतक बच्चों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गहमर कोतवाल अशेष नाथ सिंह ने मीडिया को बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गहमर कोतवाली स्थित पथरा गांव के पास एनएच 124सी सड़क के किनारे डोम परिवार के लोग झुग्गी झोपड़ी डालकर अपना जीवन यापन करते हैं। जहाँ हमेशा ही हादसे का डर बना रहता है। इस घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर फरार हो गया था लेकिन पुलिस ने तत्काल एक्शन दिखाया, ट्रेलर गाजीपुर की ओर से बिहार की तरफ जा रहा था। पुलिस ने उसे बिहार बॉर्डर से पकड़ लिया है।

