गहमर। स्थानीय थाना क्षेत्र के बारा गांव के गंगा तट पर गुरुवार की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति (45)का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही कर रही है ।जानकारी के अनुसार गहमर थाना क्षेत्र के बारा गांव के मझली पट्टी गंगा घाट पर गुरुवार की सुबह 5:00 बजे ग्रामीणों ने एक युवक का शव पानी मे उतराये हुए देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। देखते ही देखते लोगों की वहां भारी भीड़ जमा हो गई । मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर करवा कर मौजूद ग्रामीणों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सबने मृतक को पहचानने से इनकार कर दिया। शव को देखकर प्रथम दृष्टया यह लग रहा था कि किसी ने उसकी हत्या कर के फेक दिया हो क्यो की उसके शरीर पर कई जगह जख्म के निशान थे।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु जिला चिकित्सालय भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विमल मिश्र ने बताया कि एक युवक का शव बारा गंगा घाट से बरामद हुआ है। इसके बारे में अभी तक कोई जानकारी नही मिल पाई है। शव को पोस्टमॉर्टम हेतु जिला चिकित्सालय भेजा जा रहा है।

