नई दिल्ली। इस बार के आम बजट 2021-22 में सरकार ने ‘प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत’ जैसी नई योजना की घोषणा की है. इसके लिए 64,180 करोड़ रुपये का प्रावधान किया।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सोमवार को संसद में देश का केंद्रीय बजट 2021-22 पेश कर दिया है. कोरोनावायरस के बाद उबर रही अर्थव्यवस्था के बीच वित्तमंत्री ने कहा कि इस बार का बजट आपदा में अवसर ढूंढने वाला है. उन्होंने कहा कि इस बजट को इस फोकस के साथ तैयार किया गया है कि यह अर्थव्यवस्था के सुधार के लिए उठाए जा रहे कदमों को सहारा दे.
इस बजट में सरकार ने हेल्थ सेक्टर और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खासा जोर दिया है. हेल्थ सेक्टर के बजट को 94,000 करोड़ से बढ़ाकर 2.38 लाख करोड़ कर दिया गया है. सीतारमण ने बजट में कोरोनावायरस के खिलाफ टीकाकरण के लिए 35,000 करोड़ रुपये का प्रस्ताव किया है. वहीं रोड और हाइवेज़ को लेकर भी कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं. इनकम टैक्स, जिसपर सबकी नजर रहती है, उस क्षेत्र में बस एक बड़ी घोषणा हुई है, वो यह कि अब 75 साल से ऊपर के ऐसे लोग, जिनकी आय बस पेंशन या ब्याज से होती है, उन्हें अब टैक्स रिटर्न फाइल नहीं करना होगा.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) के आम बजट से जहां मोबाइल फोन और चार्जर, ऑटो पार्ट्स और सिल्क उत्पाद की कीमतों में इजाफा हुुआ है, वहीं सोने-चांदी,स्टील, लोहा, नायलॉन के कपड़े आदि की कीमत में कमी आई है. वित्त मंत्री ने सोने और चांदी पर कस्टम ड्यूटी कम करने का संकेत दिया है इससे इनकी कीमतों में कमी आई है. दूसरी ओर मोबाइल के कुछ पार्ट्स पर सीमा शुल्क बढ़ेगा।
मोबाइल के अलावा कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कॉटन पर शून्य से 10 फीसदी करने और सिल्क उत्पादों पर 10 से 15 फीसदी करने का ऐलान किया गया है. कुछ ऑटो पॉर्ट्स पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाकर 15 फीसदी किया गया है. कस्टम ड्यूटी बढ़ने से कुछ उत्पाद महंगे होंगे, लेकिन इससे देश में मैन्युफैक्चरिंग और एमएसएमई को बढ़ावा मिलेगा साथ ही आत्मनिर्भर भारत का वोकल फॉर लोकल अभियान को मजबूती मिलेगी.लोहा और स्टील की कीमतों में भी कमी आएगी.
ये चीजें हुईं महंगी
* इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद
* मोबाइल फोन
* मोबाइल फोन चार्जर
* आयातित रत्न (कीमती पत्थर)
* चमड़े के जूते
* आयातित ऑटो पार्ट्स
* सिल्क उत्पाद
* पेट्रोल-डीज़ल
* सोलर सेल
————–
सस्ती हुईं ये चीजें
* सोना-चांदी
* इस्पात (स्टील)
* लोहा
* नायलॉन वस्त्र
* तांबे की वस्तुएं
* बीमा
* बिजली
* स्टील के बर्तन

